राजस्थान में आज भले ही कई शहरों में तापमान एक से दो डिग्री सेल्सियस बढ़ा हो, लेकिन उत्तर भारत से चली सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी। गंगानगर, चूरू, बीकानेर और हनुमानगढ़ जिले में आज सीजन का घना कोहरा देखने को मिला। ये कोहरा दोपहर 11 बजे तक छाया रहा, जो मौसम विभाग के सेटेलाइट इमेज में भी कैद हुआ। मौसम केन्द्र जयपुर से जारी डेटा देखें तो आज सबसे कम तापमान 5.2 चूरू में दर्ज हुआ।
प्रदेश में आज मौसम की स्थिति देखें तो गंगानगर, बीकानेर, चूरू और हनुमानगढ़ जिले में सुबह से घना कोहरा छाया रहा। यहां विजिबिलिटी भी बहुत कम रही। इससे हाइवे पर सुबह 10 बजे तक हेडलाइट ऑन करके गाड़ियां चलानी पड़ी। कोहरे और तेज ठंड के कारण आज लोगों की दिनचर्या में भी बदलाव देखने को मिला। लोग सुबह देरी से अपने घरों से निकले तो वहीं जगह-जगह लोग अलाव जलाकर सर्दी से बचने का जतन करते दिखे। सर्द हवाएं चलने से सीकर, चूरू, नागौर, अजमेर, जयपुर और अलवर जिले समेत कई जगह आज ठिठुरन बढ़ गई।
आसमान में हल्की धुंध भी रही...
जयपुर में आज सुबह से हल्की सर्द हवाएं चलने के साथ ही आसमान में हल्की धुंध भी रही। इससे सुबह सूरज की तपन भी कम रही। जयपुर में बीती रात न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस जरूर बढ़ा हो, लेकिन सर्दी के तेवरों में कोई कमी नहीं हुई। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, दिन में आज जयपुर में तपन कम रहने से तापमान थोड़ा कम रह सकता है।
आबू में दो डिग्री सेल्सियस गिरा पारा...
अब तक तेज सर्दी की आस देख रहे माउंट आबू के सैलानियों के लिए थोड़ी राहत है। यहां पिछले कई दिनों से तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ था, जो आज गिरकर तीन डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। माउंट आबू के अलावा आज जैसलमेर, गंगानगर, बाड़मेर और सिरोही जिले में भी पारा दो डिग्री सेल्सियस तक नीचे आया है। इधर सिरोही, अजमेर, जयपुर, बूंदी, टोंक और बारां में रात का तापमान दो स चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा है। लेकिन यहां सर्द हवाओं के कारण तापमान बढ़ने के बाद भी सर्दी का असर कम नहीं हुआ।
इन जिलों में रही सीजन की सबसे सर्द रात...
राज्य में इस सीजन सर्दी देरी से आई है। मिड दिसंबर तक सर्दी के तेवर नरम ही रहे, यही कारण रहा कि इस बार दिसंबर में किसी भी जगह पारा माइनस में नहीं गया। फतेहपुर में एक और माउंट आबू में दिन पारा शून्य पर दर्ज हुआ। आज रेगिस्तानी एरिया जैसलमेर, फलौदी, बीकानेर, सिरोही में जरूर थोड़ी सर्दी तेज रही, जिसके कारण इन शहरों में आज सीजन का सबसे कम तापमान रिकॉर्ड हुआ।
प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान...
- अजमेर में 13.2
- भीलवाड़ा में 11
- अलवर में 7.2
- जयपुर में 11.9
- पिलानी में 5.4
- सीकर में 7.5
- कोटा में 11.4
- बूंदी में 11.5
- उदयपुर में 11.2
- चित्तौड़गढ़ में 12
- बाड़मेर में 13
- पाली में 12
- जैसलमेर में 8
- जोधपुर में 11.3
- बीकानेर में 7.4
- चूरू में 5.2
- गंगानगर में 6.2
- धौलपुर में 9.2
- नागौर में 8.6
- टोंक में 13.5
- बारां में 10.3
- डूंगरपुर में 13.8
- हनुमानगढ़ में 6.3
- जालोर में 13.1
- सिरोही में 7.4
- फतेहपुर में 6
- करौली में 6.8
- माउंट आबू में 3