अजमेर के प्रेमी युगल ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
- फोटो : अमर उजाला
अजमेर के एक प्रेमी युगल को अपने ही परिवार से जान का खतरा है। उन्होंने परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर प्रेम विवाह किया है। अब लड़की के घर वाले उन्हें धमका रहे हैं। ऐसी शिकायत युगल ने अजमेर पुलिस को की है।
अजमेर के रहने वाले शिवा देवतवाल और शिवानी टांक के बीच सात साल पहले प्रेम हुआ था। अब दोनों ने शादी कर ली है। प्रेमी युगल ने परिवारों की मर्जी के खिलाफ 22 जून को ब्यावर में कोर्ट मैरिज कर ली। इसके बाद मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज के साथ विधिवत फेरे भी लिए। इसका प्रमाण पत्र लेकर प्रेमी युगल अजमेर पहुंचा तो लड़की के परिजनों ने शादी को स्वीकार नहीं किया। उन्हें जुदा करने के लिए धमकियां देना शुरू कर दिया। इससे आहत होकर प्रेमी युगल ने गुरुवार को जिला पुलिस अधीक्षक विकास शर्मा के समक्ष प्रस्तुत होकर अपने ही परिवार से सुरक्षा की गुहार लगाई।
प्रेम विवाह करने वाले शिवा देवतवाल और शिवानी टांक ने बताया कि वह दोनों बालिग हैं। अपनी मर्जी से उन्होंने प्रेम विवाह किया है। शिवानी के परिवार वाले इस शादी से खुश नहीं हैं। वे उन्हें अलग करने के लिए षड्यंत्र रच रहे हैं। ऐसे में उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाए और उसके घर वालों को पाबंद किया जाए।