अवैध बांग्लादेशी नागरिक दस्तयाब
- फोटो : Amar Ujala
अजमेर जिले में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने एक और बांग्लादेशी नागरिक को हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई अभियान की 23वीं कड़ी है, जिसके बाद अब तक कुल 56 अवैध घुसपैठियों को पकड़ा जा चुका है।
यह अभियान पुलिस मुख्यालय जयपुर और अजमेर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस राजेन्द्र सिंह (IPS) के निर्देशन में चलाया जा रहा है। वहीं, जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला (IPS) के नेतृत्व में जिले में अवैध प्रवासियों की पहचान और उनके खिलाफ कार्रवाई तेज की गई है।
संदिग्ध व्यक्तियों की जांच हुई
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर एवं मुख्यालय हिमांशु जागिंड (RPS) तथा वृताधिकारी दरगाह लक्ष्मण राम (RPS) के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने सीआईडी जोन अजमेर के सहयोग से शहर के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान दरगाह बाजार, जालियान कब्रिस्तान, अन्दकोट, नई सड़क, तारागढ़ पहाड़ी, सिलावट मोहल्ला, बड़े पीर का चिल्ला, लंगर खाना गली, चश्मा-ए-नूर, त्रिपोलिया गेट और झालरा क्षेत्र सहित कई स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई।
ये भी पढ़ें-
पंच पहाड़ी में लगी भीषण आग, नदी किनारे धधका जंगल; मेले में मचा हड़कंप
बांग्लादेशी निकला संदिग्ध
जांच के दौरान मोहम्मद तहजुल, निवासी गोसाईपुर, जिला रंगपुर (बांग्लादेश) को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने की बात स्वीकार की। जानकारी के अनुसार, वह हिल्ली बॉर्डर से भारत में दाखिल होकर पहले मालदा और फिर नई दिल्ली होते हुए अजमेर पहुंचा था, जहां वह दरगाह क्षेत्र में भीख मांगकर जीवनयापन कर रहा था। 15 अप्रैल 2026 को गाउसिया कॉलोनी क्षेत्र में संदिग्ध अवस्था में घूमते हुए उसे पकड़ा गया। थाना दरगाह में पूछताछ के बाद उसकी अवैध पहचान की पुष्टि हुई। पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके नेटवर्क व अन्य संभावित घुसपैठियों की तलाश की जा रही है। अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।