केकड़ी शहर की एक आवासीय कॉलोनी से युवती के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने एक युवक पर युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का संदेह जताते हुए पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 140(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, परिवादिया 16 नवंबर को सुबह करीब 11 से 11:30 बजे अपने पति के साथ रिश्तेदार की शादी में शामिल होने भीलवाड़ा गई थी। वह अपनी पुत्री को घर पर परिवार के अन्य सदस्यों के पास छोड़कर गई थी।
बिना बताए घर से निकली युवती
परिवादिया के अनुसार, दोपहर करीब 2:30 बजे उसकी पुत्री घर से बिना बताए कहीं चली गई। शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। सूचना मिलने पर परिवादिया और उसका पति रात करीब 10 से 10:30 बजे भीलवाड़ा से केकड़ी पहुंचे।
पढ़ें: कनिष्ठ अभियंता भर्ती में 1035 पद बढ़े, अब 1909 पदों पर होगा चयन
परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश करने के साथ ही अन्य संभावित स्थानों पर भी पता किया, लेकिन युवती का कोई सुराग नहीं मिला। इसी दौरान रात करीब 2 बजे बस स्टैंड स्थित एक रेस्टोरेंट के पास तलाश करते समय परिजनों की मुलाकात एक अन्य परिवार से हुई। यह परिवार भी अपने बेटे के लापता होने की तलाश कर रहा था।
घर से जेवर और 40 से 45 हजार रुपये भी गायब
परिवादिया के देवर को जानकारी मिली कि उक्त परिवार का बेटा भी उसी समय से घर नहीं लौटा है। इस आधार पर परिवादिया ने आशंका जताई कि युवक उसकी पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
परिवादिया ने रिपोर्ट में बताया कि घर के लोहे के बक्से में रखे सोने की बालियां, मंगलसूत्र, अंगूठी, चांदी की पायल, बिछुड़ी और करीब 40 से 45 हजार रुपये भी गायब हैं। परिजनों ने युवती के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से जल्द तलाश करने की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है।