राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा मई महीने में प्रस्तावित विभिन्न परीक्षाओं के अंतर्गत संशोधन का अवसर अभ्यर्थियों को दिया गया है। आयोग सचिव रामनिवास मेहता ने बताया कि भूवैज्ञानिक एवं सहायक खनिज अभियंता (खान एवं भूविज्ञान विभाग) परीक्षा, 2024 का आयोजन सात मई 2025 को, सहायक आचार्य (चिकित्सा शिक्षा विभाग) परीक्षा, 2024 (नौ विषय) का आयोजन 12 मई से 16 मई 2025 तक, वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी (गृह विभाग) परीक्षा, 2024 (आठ विषय) का आयोजन 12 मई से 16 मई 2025 तक एवं जनसम्पर्क अधिकारी (सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग) परीक्षा, 2024 का आयोजन दिनांक 17 मई 2025 को करवाया जाना प्रस्तावित है।
आयोग द्वारा अभ्यर्थियों को उक्त परीक्षाओं के लिए जारी विज्ञापन में उल्लेखित शर्तानुसार, 19 मार्च से 25 मार्च 2025 तक अभ्यर्थी का नाम, पिता का नाम, फोटो, जन्मतिथि और जेंडर के अतिरिक्त अन्य संशोधन ऑनलाइन करने का अवसर दिया जा रहा है। इस संबंध में विस्तृत सूचना आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। ऑनलाइन संशोधन का अवसर अभ्यर्थियों के हितार्थ सुविधा मात्र है। परीक्षा के लिए जारी विज्ञापन में उल्लेखित पात्रता की शर्तों के अनुरूप ही संशोधन मान्य होंगे। विज्ञापन की शर्तें पूर्वानुसार ही रहेंगी। ऑफलाइन संशोधन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें: राजस्व अधिकारी ग्रेड द्वितीय और अधिशाषी अधिकारी वर्ग चतुर्थ प्रतियोगी परीक्षा 2022 दोबारा होगी आयोजित
ऑनलाइन संशोधन के लिए शुल्क व प्रक्रिया
संशोधन चाहने वाले अभ्यर्थी को ई-मित्र/ऑनलाइन बैंकिंग के माध्यम से 500 रुपये का शुल्क जमा कराना होगा। आयोग के ऑनलाइन पोर्टल https://rpsc.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध एप्लाई ऑनलाइन लिंक अथवा एसएसओ पोर्टल पर लॉगिन कर सिटीजन ऐप्स में उपलब्ध रिक्रूटमेंट पोर्टल का चयन कर संबंधित परीक्षा में ऑनलाइन संशोधन किया जा सकेगा। इस संबंध में किसी प्रकार की तकनीकी कठिनाई होने पर recruitmenthelpdesk@rajasthan.gov.in पर ई-मेल से अथवा फोन नंबर 9352323625 व 7340557555 पर भी सम्पर्क किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें: सहायक आचार्य (राजनीति विज्ञान) भर्ती 2023, 5वें चरण के साक्षात्कार 24 मार्च से 9 अप्रैल तक
वांछित अहर्ता न होने पर भी आवेदन करने वाले अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन विड्रा
निर्धारित शैक्षणिक योग्यता अथवा अनुभव धारित नहीं होने के उपरांत भी ऑनलाइन आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 217 के अंतर्गत एवं आयोग की आगामी भर्ती प्रक्रिया से वंचित करने की कार्रवाई की जा सकती है। अतः ऐसे अभ्यर्थी भी उक्त अवधि के दौरान अपना ऑनलाइन आवेदन प्रत्याहरित कर सकते हैं। इसके लिए एसएसओ पोर्टल पर लॉगिन कर रिक्रूटमेंट पोर्टल का चयन कर माय रिक्रूटमेंट सेक्शन के अन्तर्गत संबंधित परीक्षा के समक्ष उपलब्ध विड्रा बटन पर क्लिक कर ऑनलाइन आवेदन प्रत्याहरित किया जा सकता है।