राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा 23 मार्च 2025 को आयोजित राजस्व अधिकारी ग्रेड-द्वितीय (RO Grade-II) एवं अधिशाषी अधिकारी वर्ग-चतुर्थ (EO Class-IV) प्रतियोगी परीक्षा-2022 की मॉडल आंसर-की पर आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि आज है। अभ्यर्थी 26 मार्च 2025 की रात 12 बजे तक ऑनलाइन माध्यम से अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं।
ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया
आयोग के मुख्य परीक्षा नियंत्रक आशुतोष गुप्ता ने बताया कि अभ्यर्थियों को मॉडल प्रश्न-पत्र के क्रमानुसार ही आपत्तियां दर्ज करनी होंगी। परीक्षा का मॉडल प्रश्न-पत्र आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
ऑनलाइन माध्यम: अभ्यर्थी SSO पोर्टल पर लॉगिन कर रिक्रूटमेंट पोर्टल में जाकर क्वेश्चन ऑब्जेक्शन लिंक पर क्लिक कर आपत्तियां दर्ज कर सकते हैं।
प्रमाण संलग्न करें: आपत्तियां दर्ज करते समय अभ्यर्थियों को प्रामाणिक (स्टैंडर्ड, ऑथेंटिकेटेड) पुस्तकों के प्रमाण संलग्न करने होंगे। प्रमाण के अभाव में आपत्तियां स्वीकार नहीं की जाएंगी।
शुल्क: प्रत्येक प्रश्न पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 100 रुपये (अतिरिक्त सेवा शुल्क सहित) का भुगतान करना होगा। भुगतान ई-मित्र कियोस्क या पोर्टल पर उपलब्ध पेमेंट गेटवे के माध्यम से किया जा सकता है।
पढ़ें: 'अब अंग्रेजी नहीं बल्कि भारतीय पंचांग की तिथि के हिसाब से मनाएंगे राजस्थान दिवस': सीएम भजनलाल शर्मा
अन्य व्यक्ति: केवल परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी ही आपत्तियां दर्ज कर सकते हैं। अन्य किसी व्यक्ति की आपत्तियां स्वीकार नहीं की जाएंगी।
तकनीकी सहायता के लिए संपर्क करें
यदि किसी अभ्यर्थी को तकनीकी कठिनाई होती है, तो वे निम्नलिखित माध्यमों से सहायता प्राप्त कर सकते हैं
ईमेल:
recruitmenthelpdesk@rajasthan.gov.in
फोन नंबर:
9352323625 / 7340557555
परीक्षा और पुन: आयोजन
राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा EO और RO के कुल 111 पदों पर भर्ती के लिए यह परीक्षा आयोजित की गई थी। इसमें EO के 90 और RO के 21 पद शामिल थे। परीक्षा में 4,37,870 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, लेकिन 1,20,574 अभ्यर्थी ही शामिल हुए। पहले यह परीक्षा 14 मई 2023 को आयोजित हुई थी, जिसमें 1,96,483 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। हालांकि, पेपर लीक और नकल के कारण आयोग ने 25 अक्टूबर 2024 को परीक्षा रद्द कर पुन: परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया। इस बार कम संख्या में अभ्यर्थियों ने भाग लिया।