अजमेर दौरे पर पहुंचे उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ ने शनिवार को अजमेर मंडल का एकदिवसीय दौरा किया, जिसमें उन्होंने अजमेर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों और रेलवे वर्कशॉप का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कई अहम घोषणाएं कीं और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।
रेलवे स्टेशन पर पहुंचने पर मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने उनका स्वागत किया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बीसीएस चौधरी ने जानकारी दी कि महाप्रबंधक ने अजमेर स्टेशन के री-डेवलपमेंट प्रोजेक्ट की समीक्षा की, जिसकी अनुमानित लागत 279.01 करोड़ रुपये है। इसमें यूटिलिटी सेवाएं, आर्ट-डिज़ाइन, ग्रीन बिल्डिंग सर्टिफिकेशन, फर्नीचर और विभागीय खर्च शामिल हैं। महाप्रबंधक ने कार्य में तेजी लाकर यात्रियों को जल्द ही आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
इसके बाद महाप्रबंधक ने अजमेर वर्कशॉप का दौरा कर वंदे भारत ट्रेनों के लिए चल रहे आधुनिकीकरण कार्यों का जायज़ा लिया। उन्होंने वर्कशॉप को वंदे भारत रेकों के रखरखाव के लिए पूरी तरह सक्षम बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नए बायोटॉयलेट डाइजेस्टर बैक्टीरिया इनोकुलम (AMI) उत्पादन संयंत्र और उसकी NABL प्रमाणित लैब का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर मुख्य कारखाना प्रबंधक विकास आनंद ने संयंत्र की कार्यप्रणाली की जानकारी दी।
ये भी पढ़ें:
झालावाड़ हादसे पर प्रशासन ने दी खुद को क्लीन चिट, जिम्मेदारी ग्राम पंचायत पर डाली
महाप्रबंधक ने नारायणगंज यार्ड क्षेत्र में मलबा हटाने की प्रगति पर संतोष जताते हुए बताया कि अब तक 70% क्षेत्र पुनः प्राप्त किया जा चुका है। उन्होंने इसे वंदे भारत प्रोजेक्ट्स के लिए अहम भूमि बताया और कार्य को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने वेल्डर स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत प्रशिक्षित 130 युवाओं से संवाद भी किया और प्रशिक्षण प्रणाली में आधुनिक आईटी आधारित तकनीकों को शामिल करने की आवश्यकता पर बल दिया। महाप्रबंधक ने रेलकर्मियों के कल्याण के लिए चलाई जा रही पहलों की भी सराहना की। अंत में उन्होंने दोहराया कि उत्तर पश्चिम रेलवे यात्रियों और मालवाहक ग्राहकों को सुरक्षित, विश्वसनीय और आरामदायक सेवा देने के लिए प्रतिबद्ध है। दौरे के दौरान मुख्य कारखाना इंजीनियर आर.के. मूंदड़ा सहित रेलवे मुख्यालय और वर्कशॉप के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।