Ajmer: महाप्रबंधक ने इसके पश्चात पुष्कर स्टेशन का भी दौरा किया। उन्होंने वहां नवीनीकृत रिटायरिंग रूम सहित अन्य यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया और पुष्कर से मेड़ता तक प्रस्तावित नई रेल लाइन परियोजना के अंतर्गत स्टेशन बिल्डिंग के निर्माण कार्य की प्रगति देखी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ ने सोमवार को अजमेर मंडल के एकदिवसीय दौरे पर विभिन्न रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण कर चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उनके अजमेर आगमन पर मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बीसीएस चौधरी सहित अन्य अधिकारियों ने स्वागत किया।
विज्ञापन
महाप्रबंधक ने सबसे पहले अजमेर रेलवे स्टेशन का दौरा किया, जहां उन्होंने स्टेशन के पुनर्विकास (री-डेवलपमेंट) कार्यों की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या एक पर हाल ही में स्थापित किए गए गेम ज़ोन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह सुविधा यात्रियों, विशेषकर बच्चों और उनके परिजनों के लिए प्रतीक्षा के समय में मनोरंजन का बेहतर विकल्प प्रदान करेगी। साथ ही, उन्होंने अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा के दृष्टिकोण से अन्य सुधारात्मक उपायों पर भी विचार करने को कहा।
इस निरीक्षण के दौरान प्रमुख परियोजना प्रबंधक गति शक्ति अनूप कुमार शर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक विकास बूरा सहित मंडल के विभिन्न शाखा अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
इसके बाद महाप्रबंधक बूढ़ा पुष्कर स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने हाल ही में पूर्ण हुए यार्ड विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने इन कार्यों पर संतोष व्यक्त किया और कहा कि अब इस स्टेशन यार्ड में पाँच रैक तक की प्लेसमेंट संभव है। यार्ड में छह लाइनें विकसित की गई हैं, जिनमें एक मैन लाइन, एक लूप लाइन और चार स्टेबलिंग लाइनें शामिल हैं। यार्ड की श्रेणी 'बी क्लास' निर्धारित की गई है और इसमें एक नई स्टेशन बिल्डिंग का निर्माण भी पूर्ण हो चुका है। बढ़ती रेल यातायात को देखते हुए इस यार्ड की उपयोगिता महत्वपूर्ण हो गई है।
महाप्रबंधक ने इसके पश्चात पुष्कर स्टेशन का भी दौरा किया। उन्होंने वहां नवीनीकृत रिटायरिंग रूम सहित अन्य यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया और पुष्कर से मेड़ता तक प्रस्तावित नई रेल लाइन परियोजना के अंतर्गत स्टेशन बिल्डिंग के निर्माण कार्य की प्रगति देखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। महाप्रबंधक का यह दौरा रेलवे द्वारा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने और अधोसंरचना के विकास की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।