Satta Ka Sangram: चुनावों के बारे में मतदाताओं से उनके विचार जानने और स्थानीय विकास के मुद्दों पर चर्चा करने के लिए अमर उजाला ने अपने सत्ता का संग्राम मंच से अजमेर में युवाओं से चर्चा की। अपने प्रत्याशियों और चुनावों को लेकर क्या सोचते हैं अजमेर के युवा, यहां जानिये-
चुनावी समीकरणों को समझने के लिए अमर उजाला का चुनावी रथ आज अजमेर पहुंचा। चुनावों को लेकर युवाओं के क्या विचार हैं, नई सरकार से उनकी क्या अपेक्षाएं हैं, इन्हीं बातों के साथ हमारी टीम ने दोपहर के सत्र में युवाओं से खास चर्चा की।
विज्ञापन
इस दौरान युवाओं ने कहा कि पेपर लीक के मुद्दे बहुत उठ रहे है। एक युवा ने कहा कि जैसे ही किसी भी सरकारी नौकरी की परीक्षा देकर बाहर निकलते हैं, हमें पता चलता है कि पेपर लीक हो गया। आप खुद सोचिये कि उस युवा पर क्या बीत रही होगी, किस तरह गरीब मां बाप अपने बच्चों को पढ़ाते हैं, लेकिन पेपर लीक के बाद उनकी आशाएं मर जाती है।
वहीं एक और युवा ने अपनी बात रखते हुए कहा कि रोजगार के तो बहुत सारे ऑप्शन है जो सरकार हमें उपलब्ध करवा रही है, लेकिन ये नौकरी मेहनत करने के बाद ही मिलती है। उन्होंने शिक्षा पर अपनी बात रखते हुए कहा कि हमारे पहले सेमेस्टर में टीचर तक पढ़ाने नहीं आते थे। उन्होंने बताया कि जब हम टीचर को बुलाने जाते थे तो हमें कहा जाता था कि हमें बुलाने आओ तब हम पढ़ाएंगे।