अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में बंद कुख्यात डकैत धनसिंह की सुरक्षा को लेकर उसकी पत्नी भवनेश्वरी उर्फ रिंकू कंवर ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला को शिकायत देकर गंभीर आरोप लगाए हैं। पत्नी ने शिकायत में अपने पति की जान को खतरा बताते हुए जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। साथ ही पति के साथ कथित मारपीट, धमकी और दो लाख रुपये की मांग किए जाने का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की जांच और सुरक्षा की मांग की है।
पत्नी का दावा है कि धनसिंह पिछले पांच दिन से भूख हड़ताल पर है। उसका आरोप है कि भूख हड़ताल के बावजूद धनसिंह की उचित मेडिकल जांच नहीं कराई जा रही है और उसे आवश्यक चिकित्सा सहायता भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही। पत्नी ने एसपी से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर पति की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
16 जून की घटना का लगाया आरोप
शिकायत के मुताबिक, धनसिंह पिछले करीब 10 महीने से अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में बंद है। पत्नी भवनेश्वरी ने आरोप लगाया कि 16 जून 2026 को जेल में बंद श्रवण और आनंद ने उसके पति के साथ जान से मारने की नीयत से कथित तौर पर मारपीट की। पत्नी का दावा है कि यह पूरी घटना जेल में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई है। आरोप है कि घटना के बाद जेल प्रशासन ने कार्रवाई करने के बजाय धनसिंह को ही करीब एक महीने तक परिवार से मुलाकात नहीं करने दी। पत्नी के मुताबिक, बाद में एक कॉन्स्टेबल ने धनसिंह से संपर्क किया और कथित तौर पर कहा कि उसके साथ मारपीट जेल अधिकारियों के कहने पर करवाई गई है।
दो लाख रुपये मांगने का भी आरोप
पत्नी ने शिकायत में आरोप लगाया कि धनसिंह से दो लाख रुपये की मांग की गई। रकम नहीं देने पर उसके साथ दोबारा इसी तरह की घटना कराने की कथित धमकी दी गई। धनसिंह ने पैसे देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद करीब एक महीने तक उसकी परिवार से मुलाकात नहीं करवाई गई। पत्नी का यह भी आरोप है कि एक महीने बाद धनसिंह को दोबारा उन्हीं बंदियों श्रवण और आनंद के साथ बैरक में शिफ्ट कर दिया गया। इसी को लेकर परिवार उसकी सुरक्षा को लेकर चिंतित है।
ये भी पढ़ें-
कोटा में मेयर पद के लिए घमासान: भाजपा में खींचतान के बाद पार्षदों के फोन बंद, कांग्रेस ने भी उतारा प्रत्याशी
17 सितंबर को मुलाकात में भूख हड़ताल की जानकारी मिलने का दावा
भवनेश्वरी के मुताबिक, 17 सितंबर 2026 को जेल में धनसिंह से मुलाकात के दौरान उसे पता चला कि उसका पति पिछले पांच दिन से भूख हड़ताल पर है। पत्नी ने आरोप लगाया कि उसकी तबीयत और स्वास्थ्य को लेकर पर्याप्त चिकित्सा जांच नहीं की जा रही है। उसने एसपी से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और धनसिंह को तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।
हत्या, डकैती और अपहरण समेत 40 से ज्यादा मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, धनसिंह के खिलाफ अजमेर सहित राजस्थान के अलग-अलग जिलों में हत्या, डकैती, लूट और अपहरण सहित 40 से ज्यादा मामले दर्ज बताए गए हैं। इनमें से 18 मामले फिलहाल विचाराधीन बताए जा रहे हैं। वह पिछले करीब 10 महीने से अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में बंद है।
जेल अधीक्षक बोले- शिकायत मिली ही नहीं, धनसिंह भूख हड़ताल पर नहीं
मामले में हाई सिक्योरिटी जेल के अधीक्षक पारस जांगिड़ ने कहा कि जेल प्रशासन के पास अभी तक इस संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच करवाई जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई होगी। उन्होंने धनसिंह के भूख हड़ताल पर होने के आरोप को भी खारिज करते हुए कहा कि धनसिंह भूख हड़ताल पर नहीं है। अब पत्नी की ओर से एसपी को दी गई शिकायत और जेल अधीक्षक के बयान के बाद पूरे मामले की जांच में ही स्पष्ट होगा कि लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है। फिलहाल मामला जेल में बंद एक कुख्यात बंदी की सुरक्षा और जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर उठाए गए गंभीर सवालों के कारण चर्चा में है।