फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुष्कर में कांग्रेस का महामंथन: राहुल-खड़गे समेत जुटेंगे दिग्गज; चुनावी चक्रव्यूह भेदने का बनेगा प्लान

Wed, 20 May 2026 12:24 PM IST
अजमेर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पुष्कर

सार

राजस्थान के पुष्कर में 23 मई से 1 जून तक कांग्रेस का 10 दिवसीय चिंतन और प्रशिक्षण शिविर आयोजित होगा। इस शिविर में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत पार्टी के कई बड़े नेता शामिल होंगे।
विज्ञापन
राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजस्थान की धार्मिक नगरी पुष्कर जल्द ही कांग्रेस के बड़े राजनीतिक मंथन की गवाह बनने जा रही है। कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने और आगामी चुनावों की रणनीति तैयार करने के उद्देश्य से 23 मई से 1 जून तक 10 दिवसीय चिंतन और प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा। इसकी मेजबानी अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी करेगी।
विज्ञापन


पुष्कर के रिसोर्ट में होगा आयोजन

यह शिविर पुष्कर स्थित डॉ. राजकुमार जयपाल के रिसोर्ट “वाइल्ड रोज” में आयोजित किया जाएगा। इस शिविर की सबसे खास बात यह रहेगी कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी दो दिन तक शिविर में मौजूद रहेंगे। उनके साथ पार्टी के कई वरिष्ठ नेता अलग-अलग सत्रों में शामिल होकर संगठनात्मक मजबूती और चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगे।

कांग्रेस के कई बड़े नेता होंगे शामिल

शिविर में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस नेता सचिन पायलट और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सी.पी. जोशी सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि राजस्थान और दिल्ली कांग्रेस के जिलाध्यक्षों समेत 100 से अधिक पदाधिकारी शिविर में भाग लेंगे।
विज्ञापन


बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर होगा फोकस

शिविर में संगठन विस्तार, मीडिया मैनेजमेंट, चुनाव प्रबंधन, जनसंपर्क और बूथ स्तर तक कांग्रेस को मजबूत करने को लेकर विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों की रणनीति और संगठनात्मक जिम्मेदारियों को लेकर भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।

फील्ड विजिट और मनरेगा कार्यों का निरीक्षण

इस चिंतन शिविर को केवल भाषणों तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं और आम लोगों से संवाद पर भी जोर दिया जाएगा। 25 मई को कांग्रेस पदाधिकारियों का विभिन्न क्षेत्रों में फील्ड विजिट प्रस्तावित है। इस दौरान प्रदेश प्रभारी, प्रदेशाध्यक्ष और अन्य नेता गांवों में जाकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। वहीं 27 मई को मनरेगा कार्यस्थलों का निरीक्षण भी किया जाएगा।

आयोजन के लिए बनाई गई अलग-अलग टीमें

शिविर में आने वाले नेताओं और पदाधिकारियों के लिए आवास, भोजन, परिवहन, चिकित्सा, पेयजल और स्वच्छता की विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस आयोजन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

“अजमेर के लिए गर्व का अवसर”

अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल ने कहा कि कांग्रेस संगठन द्वारा अजमेर को इतनी बड़ी जिम्मेदारी देना पूरे जिले के लिए सम्मान और गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यह शिविर संगठन को नई दिशा और नई ऊर्जा देने के साथ-साथ अजमेर के राजनीतिक महत्व को राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत करेगा।

ये भी पढ़ें-  Bihar: कांप रहा डुमरिया घाट पुल! 110 टन की क्षमता पर गुजरा 210 टन का ट्रक, अब टूटे पुर्जों के सहारे टिका सफर
विज्ञापन


चुनावी रणनीति तय करने में अहम माना जा रहा शिविर

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राष्ट्रीय स्तर के नेताओं की मौजूदगी वाला यह चिंतन शिविर कांग्रेस की आगामी चुनावी रणनीति तय करने और संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के लिहाज से बेहद अहम साबित हो सकता है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें