पश्चिमी विक्षोभ के असर से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के कुछ हिस्सों में आसमान में हल्की धुंध छायी रही। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, इस सिस्टम का प्रभाव राजस्थान के उत्तरी हिस्से हनुमानगढ़ और गंगानगर में 6 नवंबर से देखने को मिल सकता है, जिससे यहां आसमान में हल्के बादल छाने के साथ कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। इधर, सर्दी से पहले पॉल्यूशन लेवल बढ़ गया है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, उत्तरी भारत में जो वेस्टर्न डिस्टरबेंस आया है, वो 4 नवंबर से ज्यादा प्रभावी होने लगेगा। इससे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, लद्दाख और उत्तराखंड के हिस्सों में दो-तीन दिन बारिश के साथ बर्फबारी होने की संभावना है। इसी तरह मैदानी राज्यों हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी इस सिस्टम का असर देखने को मिलेगा। 6 नवंबर से राजस्थान के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। यहां ठंडी हवाएं आना शुरू हो जाएगी और तापमान में भी गिरावट होगी, जिससे सर्दी का असर बढ़ेगा।
बर्फबारी के बाद चलेगी सर्द हवाएं...
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, उत्तर भारत में अगले तीन दिन बर्फबारी होने की संभावना है। जब सिस्टम कमजोर होगा और वहां मौसम साफ होने लगेगा तो एक बार फिर उत्तर से हवाएं मैदानी भागों में आने लगेगी। इससे हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में सर्द हवाएं चलने से ठंड बढ़ेगी। तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आएगी।
मौसम से बिगड़ा पॉल्यूशन लेवल...
जयपुर, अलवर, भिवाड़ी एरिया में हल्की धुंध के साथ ही पॉल्यूशन लेवल भी गड़बड़ा गया। सबसे ज्यादा खराब स्थिति भिवाड़ी में है। गुरुवार यहां सुबह एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) लेवल 336 दर्ज हुआ, जो खतरनाक स्तर को पार कर चुका है। इसी तरह जयपुर में AQI लेवल 200 से नीचे था, वो आज बढ़कर 254 पर पहुंच गया। अलवर में AQI लेवल 122 से बढ़कर 172 पर पहुंच गया।
तापमान में रहा उतार-चढ़ाव...
राजस्थान में तापमान फिलहाल स्थित बना हुआ है। कुछ एरिया में मामूली उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। बीती रात सीकर में सबसे कम तापमान 12.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इसी तरह चित्तौड़गढ़ में न्यूनतम तापमान आज 13.2 डिग्री सेल्सियस रहा। सिरोही, जालौर, हनुमानगढ़, टोंक, गंगानगर, धौलपुर, बीकानेर, जैसलमेर, जोधपुर, बाड़मेर, जयपुर, कोटा समेत अन्य कुछ शहरों में रात का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। वहीं दिन में अधिकतम तापमान अधिकांश शहरों में 33 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।