अजमेर जिले की पीसांगन थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए धुंवाड़िया गांव में एक झोपड़ी से 114 किलोग्राम डोडा पोस्त जब्त किया है। इसके साथ ही, तस्करी में प्रयुक्त तीन बाइक भी बरामद की गई हैं और तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच पुष्कर थानाधिकारी घनश्याम सिंह को सौंपी गई है।
एसपी वंदिता राणा के निर्देशन में कार्रवाई
पीसांगन थानाधिकारी प्रहलाद सहाय ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा के निर्देशन में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि धुंवाड़िया गांव में दयालराम गुर्जर के घर के पास बनी छप्परनुमा झोपड़ी में नशे का सामान छिपा रखा गया है। सूचना के आधार पर जब पुलिस टीम ने दबिश दी तो प्लास्टिक के 7 बैगों में कुल 113.960 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ।
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से डोडा पोस्त, तीन बाइक जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी में दयालराम गुर्जर (47), निवासी धुंवाड़िया, देवराज गुर्जर (35), निवासी नागेलाव और पप्पूराम गुर्जर (32), निवासी हेमड़ाई, थाना रास शामिल है। ब्यावर पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।