आरोपी को पिटाई से बचाने का प्रयास करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
ब्यावर जिले के बिजयनगर में छात्राओं के साथ ब्लैकमेलिंग और देह शोषण की घटना के विरोध में वकीलों का न्यायालय में फूटा गुस्सा पड़ा। वकीलों ने आरोपी की पेशी के दौरान ही जमकर पिटाई कर दी। रिमांड समाप्ति के बाद मामले में आरोपी हकीम कुरैशी को न्यायालय में पेश किया गया था। कोर्ट चैंबर से बाहर निकलते हुए वकीलों को आक्रोश भड़क गया। वकीलों ने हकीम कुरैशी की जमकर पिटाई शुरू कर दी। भारी पुलिस बल के होते हुए वकीलों ने आरोपी हकीम पर जमकर लात-घूसे बरसाए। पुलिस बमुश्किल आरोपी को बचाते हुए जीप तक ले गई।
जानकारी के अनुसार पूर्व पार्षद हकीम कुरैशी को रिमांड समाप्ति के बाद सोमवार को अजमेर की पॉक्सो कोर्ट संख्या एक में पेश किया गया। हकीम कुरैशी नंगे पैर सर झुकाते हुए कोर्ट पहुंचा था। विजयनगर थानाधिकारी करण सिंह खंगारोत जाब्ते के साथ कोर्ट पहुंचे थे। न्यायालय में आरोपी हकीम कुरैशी को 11 मार्च तक जेल भेजने के आदेश दिए हैं। ममाले में अब तक गिरफ्तार किए गए सभी 10 आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। वहीं तीन नाबालिग बाल सुधार गृह में हैं।
यह था मामला
15 फरवरी को ब्यावर जिले के विजयनगर थाने में एक नाबालिग ने मामला दर्ज कराया था। उसके बाद एक और नाबालिग ने मामला दर्ज कराया फिर तीन लड़कियों के पिता की ओर से भी रिपोर्ट दी गई। आरोप है कि आरोपी प्राइवेट स्कूल में पढ़ रही नाबालिग लड़कियों से दुष्कर्म कर अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर रहे थे। जबरन कलमा पढ़ने, रोजा रखने और धर्मांतरण के लिए विवश कर रहे थे। पुलिस ने पॉक्सो सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की, जिसके बाद गिरफ्तारियों का दौर शुरू हुआ। इसके बाद पुलिस ने मामले में 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया है, जिनमें तीन नाबालिग भी शामिल हैं।