अजमेर के अलवर गेट थाना क्षेत्र में एक होमगार्ड द्वारा एक ही परिवार के भाई-बहन के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी पीड़ित परिवार का पड़ोसी है। परिवार की ओर से शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी होमगार्ड को भी हिरासत में ले लिया गया है।
दुष्कर्म पीड़ित बच्चों के परिवार ने पुलिस को की गई शिकायत में बताया कि उनका 11 साल का बेटा कुछ दिनों से गुमसुम रहने लगा था, जब बेटे से पूछताछ की तो उसने बताया कि पड़ोस में रहने वाले अंकल ने उसे और बहन को कमरे में बुलाकर अश्लील वीडियो दिखाए और उनके साथ गलत हरकतें कीं। इसके बाद पीड़ित परिवार ने थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया।
मामले की जानकारी देते हुए अलवर गेट थानाधिकारी श्यामसिंह चारण ने बताया कि पीड़ित महिला ने अपने बेटे और भतीजी के साथ पड़ोसी द्वारा गलत हरकत किए जाने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई थी। मामले में पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच पुलिस उप अधीक्षक नेमीचंद चौधरी द्वारा की जा रही है।
आरोपी होमगार्ड को केसरगंज क्षेत्र में रहने वाले क्षेत्रवासियों ने सोमवार को धरदबोचा। इसके बाद उसे क्लॉक टावर थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस को आरोपी के मोबाइल से बड़ी संख्या में बच्चों के अश्लील वीडियो बरामद हुए हैं। क्लॉक टॉवर थाना पुलिस ने मामले में संज्ञान लेते हुए होमगार्ड से पूछताछ की और उसे अलवर गेट थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया।