अजमेर पहुंचे डिप्टी सीएम प्रेमचंद्र बैरवा और दीया कुमारी।
- फोटो : अमर उजाला
भारतीय जनता पार्टी के अजमेर लोकसभा सीट से प्रत्याशी भागीरथ चौधरी के चुनाव कार्यालय का गुरुवार को पूजा-अर्चना के साथ विधिवत रूप से उद्घाटन हुआ। भाजपा प्रत्याशी भागीरथ चौधरी के कार्यालय का उद्घाटन करने के लिए प्रदेश के दोनों डिप्टी सीएम दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा अजमेर पहुंचे और पूजा अर्चना में भाग लिया।
इस मौके पर डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने भागीरथ चौधरी को शुभकामनाएं देते हुए वहां मौजूद भाजपा नेताओं और पदाधिकारी को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी चौधरी को वोट देने की अपली की।
वहीं, दीया कुमारी ने भागीरथ चौधरी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चौधरी इस बार फिर से जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने कहा कि राजस्थान में भाजपा 25 की 25 सीटें जीतेगी। अजमेर से मौजूदा सांसद भागीरथ इस बार पिछली बार से अधिक मतों से जीत दर्ज करेंगे।
उन्होंने कहा कि पिछले 10 सालों से मोदी सरकार देश में अच्छा कार्य कर रही है। इस बार भी डबल इंजन की सरकार बनेगी। मोदी सरकार 400 पर करेंगी। मोदी सरकार के विकास कार्यों को जनता ने सराहा और विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज की।
इस मौके पर डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा, प्रदेश महामंत्री ओमप्रकाश भड़ाना, भाजपा प्रत्याशी भागीरथ चौधरी, नसीराबाद विधायक रामस्वरूप लांबा, केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम, मसूदा विधायक वीरेंद्र कानावत, अजमेर नगर निगम की महापौर ब्रजलता हाडा सहित कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।