जिले के ग्राम कुचील में कृषि विभाग ने खरीफ सीजन पूर्व गुणवत्ता नियंत्रण अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। कार्रवाई के दौरान एक दुकान पर बिना लाइसेंस अवैध रूप से भंडारित 52 कट्टे नीम कोटेड यूरिया जब्त किए गए। यह छापेमारी उर्वरक निरीक्षक अनिल कुमार गुर्जर के नेतृत्व में महावीर प्रसाद ओझा की दुकान पर की गई। जब्त किया गया यूरिया चंबल फर्टिलाइजर एंड केमिकल्स, गड़ेपान कोटा प्लांट से निर्मित था। जांच के लिए एक नमूना राजकीय उर्वरक परीक्षण प्रयोगशाला में भेजा गया है।
संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) संजय तनेजा ने बताया कि जिले में खरीफ सीजन के मद्देनजर गुणवत्ता नियंत्रण अभियान तेजी से जारी है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे केवल लाइसेंसधारी और अधिकृत विक्रेताओं से ही उर्वरक खरीदें। वैध विक्रेता आधार सत्यापन के साथ पॉइंट ऑफ सेल मशीन से बिल जारी करते हैं, जिससे लेन-देन में पारदर्शिता बनी रहती है। उन्होंने आगाह किया कि बिना लाइसेंसधारी से उर्वरक खरीदना न केवल गैरकानूनी है, बल्कि यह किसानों के हितों के लिए भी हानिकारक हो सकता है।
इस कार्रवाई में गांधीनगर, किशनगढ़ से पुलिस जाप्ते की सहायता ली गई। मौके पर सहायक निदेशक अनुप्रिया यादव, सहायक निदेशक कृषि (विस्तार) शिवलाल यादव, उर्वरक निरीक्षक अदिति माथुर, सहायक कृषि अधिकारी जगदीश धायल, कृषि पर्यवेक्षक निंबार्क तीर्थ और दीपा कुमावत भी उपस्थित रहे।
कृषि विभाग की यह मुहिम किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने और नकली अथवा अवैध उर्वरकों की बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से चलाई जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस प्रकार की जांचें नियमित रूप से जारी रहेंगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कुचील में कृषि विभाग की कार्रवाई