फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुष्कर मेला: सजे-धजे ऊंटों ने खींचा पर्यटकों का ध्यान, शृंगार प्रतियोगिता में 6 प्रतिभागियों ने दिखाया हुनर

Wed, 18 Nov 2026 03:28 PM IST
अजमेर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, केकड़ी

सार

पुष्कर मेले में बुधवार को ऊंट शृंगार प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें 6 प्रतिभागियों ने पारंपरिक गोरबंद, आभूषण और रंग-बिरंगी सजावट से सजे ऊंटों के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ श्रृंगार करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

विज्ञापन
पुष्कर मेले में ऊंट शृंगार प्रतियोगिता - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजस्थान के अजमेर जिले के पुष्कर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले में इन दिनों पशुओं से जुड़ी प्रतियोगिताओं के साथ ग्रामीण संस्कृति की अनूठी झलक देखने को मिल रही है। बुधवार को मेले में ऊंट शृंगार प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें 6 प्रतिभागियों ने अपने सजे-धजे ऊंटों के साथ हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता में रंग-बिरंगे गोरबंद, पारंपरिक आभूषण और आकर्षक सजावटी सामान से सजे ऊंट दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहे। मैदान में एक से बढ़कर एक खूबसूरती से सजाए गए ऊंट नजर आए। उनके पारंपरिक श्रृंगार को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे।

प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचे ऊंट पालकों ने बताया कि ऊंटों का शृंगार करने में काफी मेहनत और समय लगता है। इसके लिए कई दिन पहले से तैयारियां शुरू करनी पड़ती हैं। ऊंट की प्रकृति और उसके शरीर के अनुरूप सजावटी सामान तैयार किया जाता है, ताकि शृंगार आकर्षक होने के साथ ही ऊंट को किसी तरह की परेशानी भी न हो। गोरबंद, रंगीन धागों और पारंपरिक सजावटी वस्तुओं से ऊंटों को विशेष रूप दिया जाता है।

विज्ञापन


पढ़ें: पुष्कर मेले में ऊंटों का अनोखा डांस, चारपाई पर चढ़कर थिरके; मालिक को मुंह में दबाकर दिखाए करतब

ऊंट पालकों के अनुसार, ऊंटों को सजाना केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राजस्थान की पुरानी परंपरा का हिस्सा है। इसके जरिए पशुओं के प्रति लगाव और उन्हें परिवार के सदस्य की तरह रखने की भावना भी दिखाई देती है।

पुष्कर मेले में आयोजित यह प्रतियोगिता ग्रामीण जीवन, पशुपालन और लोक संस्कृति को करीब से जानने का अवसर प्रदान करती है। मेले में आने वाले पर्यटक राजस्थान की उन परंपराओं से रूबरू होते हैं, जो आज भी ग्रामीण क्षेत्रों में जीवंत हैं। पशुओं की सजावट और उनसे जुड़ी प्रतियोगिताएं मनोरंजन के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का काम भी करती हैं।

प्रतियोगिता के समापन पर सर्वश्रेष्ठ शृंगार करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार मिलने पर ऊंट पालकों में उत्साह देखने को मिला। रंगों, परंपराओं और पशुओं के प्रति प्रेम से सजी इस प्रतियोगिता ने पुष्कर मेले की रौनक बढ़ा दी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें