कबाड़ के गोदाम में लगी भीषण आग
- फोटो : अमर उजाला
अजमेर के घुघरा गांव में सोमवार सुबह कबाड़ के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस की सूचना पर अग्निशमन विभाग की 12 गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। आग लगने के कारण गोदाम मालिक को 10 लख रुपये का नुकसान हुआ है। गोदाम में आग लगे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने गोदाम को लेकर विरोध भी जताया। सिविल लाइन थाना पुलिस आग लगने के कारणों को लेकर जांच में जुटी है।
जयपुर रोड स्थित घुघरा गांव में सोमवार सुबह 8 बजे के करीब कबाड़ के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग लगने के कारण गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और इसकी सूचना सिविल लाइन थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी गई। सिविल लाइन थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अग्निशमन विभाग के करीब 12 गाड़ियों ने आग पर काबू पाया है। गोदाम मालिक लोहाखान निवासी मंगतू ने बताया कि आग लगने के कारण उन्हें 10 लाख का नुकसान हुआ है। 13 महीने पहले ही उन्होंने कर्ज लेकर गोदाम खोला था। आज के कारण गोदाम का सारा माल जलकर खाक हो गया।
जेसीबी से तोड़फोड़ कर निकाला सामान
भीषण आग लगने के कारण अग्निशमन विभाग को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। जेसीबी के माध्यम से तोड़फोड़ कर आग को बुझाया गया। आग बुझाने के बाद सारे सामान को गोदाम से बाहर निकाला गया।
ग्रामीणों ने जताया विरोध
आग लगने के कारण गांव के ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने इकट्ठा होकर प्रदर्शन भी किया। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी गांव में गोदाम खोलने को लेकर उन्होंने शिकायत दी थी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। सोमवार को गोदाम में आग लगने के कारण ग्रामीणों में डर का माहौल है। ग्रामीण गांव में गोदाम बंद करने की मांग की है।