धार्मिक नगरी अजमेर के पटेल मैदान में विजयदशमी के अवसर पर दशहरा महोत्सव का आयोजन धूमधाम और उत्साह के साथ किया गया। मंगलवार को जिले के सबसे बड़े 65 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। खास बात यह रही कि इस बार भी रावण का पुतला एक मुस्लिम परिवार ने बनाया, जिसने हिंदू-मुस्लिम एकता और आपसी सौहार्द का संदेश दिया। रावण के साथ ही 45-45 फीट ऊंचे मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का भी दहन किया गया।
पटेल मैदान में रावण दहन देखने के लिए शहरभर से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। मैदान में जैसे ही भगवान श्रीराम ने अपने धनुष से तीर चलाकर रावण की नाभि पर प्रहार किया, रावण का पुतला धू-धू कर जल उठा। दर्शकों ने तालियों और जयकारों के साथ बुराई पर अच्छाई की जीत का उत्सव मनाया।
रावण दहन का दृश्य उस समय और भी रोचक हो गया, जब पुतले की आंखें हिलने लगीं, वह तलवार चलाने लगा और उसके मुंह से अंगारे निकलने लगे। रावण की नाभि से निकलता घूमता हुआ चक्र भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। अंततः भगवान श्रीराम के प्रहार से अहंकार रूपी रावण का अंत हुआ।
रामजी की सवारी और भव्य स्वागत
कार्यक्रम की शुरुआत घसेटी बाजार स्थित रघुनाथ मंदिर से भगवान श्रीराम की सवारी के साथ हुई। सवारी शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने उसका भव्य स्वागत किया। पटेल मैदान पहुंचने के बाद मंच पर राम-रावण युद्ध का मंचन किया गया। इसमें हनुमानजी ने लंका दहन किया और फिर भगवान श्रीराम ने रावण का वध कर पुतले को प्रज्वलित किया।
सौहार्द का दिया अनूठा संदेश
अजमेर नगर निगम की ओर से हर साल आयोजित होने वाले इस दशहरा महोत्सव की खासियत यह रही कि रावण का पुतला बनाने वाला परिवार मुस्लिम समुदाय से था। इस पहल ने गंगा-जमुनी तहजीब और भाईचारे का संदेश दिया। महोत्सव में बुराई पर अच्छाई की जीत के साथ ही समाज में एकता और आपसी प्रेम का आह्वान भी किया गया। पटेल मैदान में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम ने एक बार फिर अजमेर की सांप्रदायिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की परंपरा को रेखांकित किया।
ये भी पढ़ें- जयपुर: दशहरे पर तीन जगह जलेगा रावण, कहीं एक सौ इक्कीस फीट तो कहीं सत्तर फीट का पुतला
ड्रोन शो और लेजर शो बने आकर्षण का केंद्र
अजमेर नगर निगम की ओर से इस बार पटेल मैदान में पहली बार ड्रोन शो का आयोजन भी किया गया। इसमें भगवान श्रीराम की आकृति सहित विभिन्न आकृतियां आसमान में प्रदर्शित की गईं, जिन्होंने मैदान में मौजूद दर्शकों का मन मोह लिया। लेजर शो ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
अजमेर में हुआ भव्य रावण दहन
अजमेर में हुआ भव्य रावण दहन
अजमेर में हुआ भव्य रावण दहन
अजमेर में हुआ भव्य रावण दहन
अजमेर में हुआ भव्य रावण दहन
अजमेर में हुआ भव्य रावण दहन