अजमेर में फायरिंग कांड का मुख्य आरोपी हिरासत मेंं
- फोटो : अमर उजाला
शहर में किराये के मकान को लेकर हुए विवाद में फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह सनसनीखेज घटना कुंदन नगर स्थित फूस की कोठी क्षेत्र की है, जहां मामूली विवाद अचानक हिंसक झगड़े में बदल गया और गोलीबारी तक पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार मकान मालिक और किरायेदार के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसने घटना के दिन उग्र रूप ले लिया। इसी दौरान आरोपी मोहम्मद गुलरेज ने अवैध देशी पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। फायरिंग में 16 वर्षीय युवक तूफेल खान गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल को जेएलएन अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान पुलिस ने मौके से दो कारतूस के खोल बरामद किए, जिससे फायरिंग की पुष्टि हुई।
ये भी पढ़ें: Kota: बकरे के विवाद में ली थी ASI के बेटे की जान, 8 साल बाद कोर्ट ने एक ही परिवार के 12 लोगों को उम्रकैद सुनाई
इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और कुछ ही समय में मुख्य आरोपी मोहम्मद गुलरेज को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना में इस्तेमाल की गई अवैध पिस्टल के बारे में जानकारी दी, जिसके आधार पर पुलिस ने उसकी निशानदेही पर पिस्टल और 12 जिंदा कारतूस बरामद किए। इस मामले में आरोपी के नाबालिग पुत्र को भी निरुद्ध किया गया है और उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
एडिशनल एसपी सिटी हिमांशु जांगिड़ ने बताया कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और किसी भी आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अवैध हथियार रखने और उनके उपयोग के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी के पास हथियार कहां से आए और इसमें कोई अन्य व्यक्ति शामिल तो नहीं है।