राजस्थान के पशुविज्ञान विश्वविद्यालय सहित पांच कृषि विश्वविद्यालयों के अध्यापकों, पुस्तकालय अध्यक्षों और शारीरिक शिक्षा निदेशकों को अब सातवें वेतन आयोग के अनुरूप नया वेतन मिलेगा।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस आशय के प्रस्ताव का अनुमोदन कर दिया है। नए वेतनमान के लाभ एक जनवरी, 2017 से देय होंगे।
सरकारी बयान के अनुसार गहलोत ने राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशुविज्ञान विश्वविद्यालय (बीकानेर), स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय (बीकानेर), महाराणा प्रताप कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (उदयपुर), कृषि विश्वविद्यालय (जोधपुर), कृषि विश्वविद्यालय (कोटा) और श्री कर्ण नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय (जोबनेर, जयपुर) के अध्यापकों, पुस्तकालय अध्यक्षों और शारीरिक शिक्षा निदेशकों के लिए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद की सिफारिशों के अनुसार नये वेतनमान देने की स्वीकृति दे दी है।