गंदगी देखकर भड़के नगरपालिका अध्यक्ष।
- फोटो : अमर उजाला
आबूरोड नगरपालिका अध्यक्ष मगनदान चारण गुरुवार को रोडवेज बस स्टैंड पहुंचे। इस दौरान वहां चारों ओर फैली गंदगी देखकर वे भड़क गए, उन्होंने कहा- इससे शहर का सौंदर्य खराब हो रहा है, अब ये सब नहीं चलेगा। अगर, यही हालत रहे तो नगरपालिका प्रशासन द्वारा स्टॉल संचालकों के चालान बनाकर जुर्माना वसूलेंगे और सुलभ कॉम्प्लेक्स सीज कर दिया जएगा।
नगरपालिका अध्यक्ष चारण जब बस स्टैंड पर पहुंचने तो प्लेटफार्म, बरामदा परिसर, यात्री प्रतीक्षालय अैर सुलभ कॉम्प्लेक्स के आसपास जगह जगह गंदगी फैली हुई थी। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड स्थित सुलभ कॉम्प्लेक्स और आसपास लगातार गंदगी रह रही है। इससे पहले भी सुलभ शौचालय को सीज करने की कार्रवाई की गई थी। लेकिन, व्यवस्था दुरुस्त करवाने के आश्वासन पर इसे खोल दिया था। लेकिन, अब फिर वही हालात बन रहे हैं, इससे आमजन परेशान हो रहा है।
निरीक्षण के दौरान नगरपालिका अध्यक्ष ने रोडवेज मुख्य प्रबंधक प्रवेश बोराणा से मुलाकात कर बस स्टैंड परिसर, सुलभ शौचालय और आसपास फैली गंदगी को लेकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने परिसर में सफाई करवाने और इसे बनाए रखने के लिए आदेश दिए। आदेश का पालन नहीं होने पर शौचालय को सीज करने की चेतावनी दी गई।
नपा अध्यक्ष ने बस स्टैंड कैंटीन में खुले में रखी खाद्य सामग्री को देखकर भी नाराजगी जाहिर कर संचालकों को खाद्य सामग्री ढककर रखने के निर्देश दिए। ऐसा नहीं करने पर उन्होंने स्टॉल संचालकों को चालानी कार्रवाई की चेतावनी दी। इस दौरान कार्यवाहक स्वास्थ्य निरीक्षक अर्जुन बामणिया तथा स्वास्थ्य जमादार अशोक मीणा मौजूद रहे।