राजस्थान के जैसलमेर में सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। जैसलमेर के सांगड थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह एक अनियंत्रित कार आगे चल रही ट्रेक्टर ट्रॉली में जा घुसी जिससे ट्रॉली चालक और कार में सवार दो लोगों सहित तीन व्यक्तियों की मौत हो गई जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए।
पुलिस जांच अधिकारी और सहायक पुलिस उपनिरीक्षक बांक सिंह ने बताया कि अहमदाबाद से रामदेवरा जा रही एक अनियंत्रित कार देवीकोट गांव के पास आगे चल रही ट्रैक्टर ट्रॉली में जा घुसी जिससे बाडमेर निवासी ट्रेक्टर चालक देवाराम और कार सवार अहमदाबाद निवासी जिगर भाई पटेल और रमेश भाई की मौत हो गई जबकि हादसे में छह अन्य लोग घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि सभी घायलों को राजकीय चिकित्सालय में उपचार के लिये भर्ती करवाया गया है। उन्होंने बताया कि मृतकों में से दौ की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि एक अन्य ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया गया है।