भारत-पाक सीमा से सटा सीमावर्ती रेगिस्तानी जिला जैसलमेर काफी संवेदनशील है। पिछले कुछ समय से बॉर्डर इलाके में संदिग्ध गतिविधियों के चलते करोड़ों की हेरोइन सहित तस्कर पकड़े जा चुके हैं। बीती रात भी बाड़मेर जैसलमेर की पुलिस ने चार किलो हेरोइन सहित एक तस्कर को दबोचा है। पिछले 27 दिनों से जैसलमेर पुलिस बिना कप्तान के काम कर रही है। यह घातक हो सकता है।
जैसलमेर में पुलिस अधीक्षक भंवर सिंह नाथावत के अप्रैल में रिटायर्ड हो जाने के बाद पद रिक्त है। पड़ोसी ज़िले बाड़मेर के एसपी को जैसलमेर का अतिरिक्त चार्ज दे रखा है, लेकिन इंटरनेशनल बॉर्डर वाले इन दोनों जिलों में दूरियां बहुत हैं। रेगिस्तानी ज़िलों में एक जगह से दूसरी जगह जाने में घंटों लग जाते हैं।
जैसलमेर में एक मई से पुलिस अधीक्षक का पद रिक्त है। बॉर्डर इलाका होने की वजह से यहां आए दिन अवांछनीय गतिविधियां देखने को मिलती हैं। लगभग पिछले डेढ़ महीने में बॉर्डर इलाके से करोड़ों रुपये की कीमत की साढ़े 20 किलो हेरोइन सहित छह तस्कर गिरफ्तार गिरफ्तार हो चुके हैं। इनपुट की माने तो अभी और हेरोइन तस्कर माल सहित पकड़े जा सकते हैं। ऐसे में राज्य सरकार की ओर से सुरक्षा के लिहाज से इस अति संवेदनशील जिले में पुलिस अधीक्षक की नियुक्ति नहीं करना समझ से परे हैं। हालांकि बाड़मेर एसपी के पास जैसलमेर का अतिरिक्त चार्ज है, लेकिन उनका फोकस जैसलमेर से ज्यादा बाड़मेर पर रहता है।
बीती रात बाड़मेर-जैसलमेर पुलिस ने 16 करोड़ की हेरोइन समेत तस्कर पकड़ा
जैसलमेर के सीमावर्ती गांव म्याजलार में बीती रात बाड़मेर और जैसलमेर की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक तस्कर अर्जुन सिंह को चार किलो हेरोइन, जिसकी मार्किट कीमत करीब 16 करोड़ रुपये बताई जा रही है जिसके साथ डिटेन किया हैं।
एक किलो जली हुई सहित चार किलो हेरोइन बरामद
पिछले दिनों पकड़े गए हेरोइन तस्करों के सरगना गुलाब सिंह से पूछताछ में सामने आया कि उसने चार किलो हेरोइन अर्जुनसिंह को दी है। जिसकी निशानदेही पर म्याजलार स्थित अर्जुनसिंह के घर पर दबिश देकर एक किलो जली हुई हेरोइन जब्त की।
पूछताछ में भगवान सिंह का नाम आया सामने-हुआ फरार
सूत्रों के अनुसार अर्जुनसिंह ने पूछताछ के बाद एक किलो हेरोइन को जलाने की बात कबूली और बाकी तीन किलो हेरोइन भगवान सिंह को देने की बात कही। पुलिस ने भगवान सिंह के घर दबिश दी, तो तीन किलो हेरोइन बरामद हुई, लेकिन मामले की भनक लगने पर भगवान सिंह मौके से फरार हो गया।
पिछले डेढ़ महीने में साढ़े 20 किलो हेरोइन के साथ 6 तस्कर हो चुके गिरफ्तार
बीती नौ अप्रेल को क्राइम ब्रांच के DIG राहुल प्रकाश के नेतृत्व में जिले से नौ किलो हेरोइन के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया था। उनसे मिली जानकारी के बाद अब तक जैसलमेर जिले में करीब साढ़े 20 किलो हेरोइन के साथ छह लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
और भी हो सकती है हेरोइन और हथियारों की बरामदगी
पुलिस सूत्रों के अनुसार पाकिस्तान से हेरोइन की जो खेप आई थी। उसकी मात्रा पकड़ी गई हेरोइन से ज्यादा है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि अभी 10 से 12 किलो हेरोइन और बरामद हो सकती है। इसके अलावा सीमा पार से हथियारों की तस्करी की भी आशंका है।