राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के हमीरगढ़ में 70 साल के बुजुर्ग ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। दोनों में सब्जी को लेकर झगड़ा हो गया था। जिसके बाद आरोपी ने साड़ी से पत्नी का गला घोंटकर मार डाला। जिसके बाद खुद को कमरे में बंद कर लिया। पहले आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन बाद में सच उगल दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार हमीरगढ़ इलाके में 70 साल का नाथूलाल सोमानी अपनी पत्नी प्रेमदेवी (65) और मानसिक विक्षिप्त पोते के साथ रहता था। 15 अगस्त को दोनों को सब्जी को लेकर झगड़ा हो गया। इस दौरान प्रेमदेवी ने नाथूलाल को मुक्का मार दिया, जिससे उसकी नाक पर चोट लग गई। गुस्से में आकर नाथूलाल ने प्रेमदेवी का साड़ी से गला घोंट दिया और खुद को कमरे में बंद कर लिया।
16 अगस्त की सुबह काफी देर तक पड़ोसियों ने बुजुर्ग पति-पत्नी को नहीं देखा। मानसिक विक्षिप्त पोता भी बाहर अकेला बैठा हुआ था। दंपति को देखने के लिए पड़ोसी घर के अंदर गए तो महिला का शव बाथरूम में पड़ा हुआ था। वहीं बुजुर्ग नाथूलाल कमरे में बेहोश पड़ा था। इसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। होश में आए नाथूलाल ने सूचना पर पहुंची पुलिस को बताया कि दो नकाबपोश बदमाशों ने उसकी पत्नी की हत्या कर दी।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की, लेकिन कोई भी संदिग्ध नजर नहीं आए। इसके बाद पुलिस ने नाथूलाल से सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। बुजुर्ग ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी किसी न किसी बात पर हर रोज झगड़ा करती थी। 15 अगस्त को सब्जी की बात पर पत्नी ने झगड़ा किया तो उसने उसकी हत्या कर दी।