हिरासत में लिए गए संदिग्धों से की जा रही पूछताछ।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के जैसलमेर जिले के पोकरण में मिलिट्री इंटेलिजेंस की टीम ने 6 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया है। पकड़े गए व्यक्तियों के पास से फर्जी आर्मी कार्ड मिले हैं, जो आर्मी जवानों के आईडी कार्ड को स्कैन कर बनाए गए थे। संदिग्धों में से 2 गुजरात और 4 इंदौर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मिलिट्री इंटेलिजेंस की टीम ने इन 6 संदिग्ध व्यक्तियों को जोधपुर- जैसलमेर सड़क मार्ग पर लाठी टोल नाके के पास से पकड़ा है।
सुरक्षा एजेंसियां हो गई सतर्क
मिलिट्री इंटेलिजेंस की इस कार्रवाई के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। लाठी थाना पुलिस को सौंपे गए संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां भी इस मामले की जांच की रही हैं।
बार्डर पर बढ़ा दी गई सुरक्षा व्यवस्था
सुरक्षा एजेंसियों की आशंका है कि ये संदिग्ध लोग किसी अवांछित गतिविधि में शामिल हो सकते हैं। इनके पास से बरामद फर्जी आईडी कार्ड का इस्तेमाल सैन्य प्रतिष्ठानों में घुसने के लिए किया जा सकता था। कार्रवाई के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जैसलमेर जिले के बॉर्डर इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया है और लोगों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने के लिए भी कहा गया है।
टोल बचाने के लिए किया फर्जी आई कार्ड कर उपयोग
पूछताछ में संदिग्धों ने कहा है कि वे रामदेवरा घूमने के लिए आए थे। इसके बाद वे तनोट दर्शन के लिए जा रहे थे। टोल के पैसे बचाने और सरलता से एंट्री करने के लिए उन्होंने फर्जी आईडी कार्ड का इस्तेमार किया था।