जालोर की सांचौर पुलिस ने एक भारत पेट्रोलियम गैस के टैंकर से हरियाणा निर्मित अवैध शराब के 405 कार्टून जब्त किए हैं। टैंकर को बबूल की झाड़ियों में छुपाकर खड़ा किया गया था। बरामद की गई शराब की कीमत 34 लाख रूपये बताई जा रही है।
सांचौर पुलिस ने बुधवार को माखुपुरा गांव के पास बबूल की झाड़ियों के पीछे छुपा कर खड़े किए गए महाराष्ट्र नंबर के भारत पेट्रोलियम गैस के टैंकर को जब्त किया है। जालोर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि भारत पेट्रोलियम के गैस टैंकर को छुपा कर खड़ा किए जाने की सूचना मिली। मुखबिर से मिली सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दशरथ सिंह और सीओ रूप सिंह के सुपरविजन और थानाधिकारी सांचौर प्रवीण कुमार के नेतृत्व में एसआई सत्यदेव सिंह और अन्य पुलिसकर्मियों की टीम गठित कर रवाना की गई।
तलाशी में मिले शराब के कार्टून
टैंकर की तलाशी में हरियाणा निर्मित मैकडॉल नंबर वन व्हिस्की के 340, रॉयल चैलेंज क्लासिक प्रीमियम व्हिस्की के 30 कार्टून और ऑल सेशन गोल्डन कलेक्शन व्हिस्की के 35 कार्टून कुल 405 कार्टून भरे हुए मिले।
एसपी अग्रवाल ने बताया कि तलाशी में मिली अवैध शराब और टैंकर को जब्त कर आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। अवैध शराब के परिवहन में शामिल तस्करों की तलाश की जा रही है।