सीमा सुरक्षा बल के एक अधिकारी ने कहा कि बीएसएफ के 29 जवानों में कोरोना वायरस पॉजिटिव पाया गया है। ये सभी जवान दिल्ली के वाल्ड सिटी इलाके में आंतरिक सुरक्षा ड्यूटी पर पहले से तैनात एक कंपनी का हिस्सा थे।
इन सभी जवानों को सोमवार को दिल्ली से क्वारंटीन के लिए बीएसएफ के सहायक प्रशिक्षण केंद्र (एसटीसी) में स्थानांतरित कर दिया गया था।
जोधपुर पहुंचने के बाद मंगलवार को इनके नमूने लिए गए थे और उन्हें जांच के लिए एम्स भेजा गया था। बीएसएफ अधिकारी ने कहा कि एम्स की तरफ से रिपोर्ट बुधवार सुबह जारी की गई, जिसमें इन जवानों में कोरोना वायरस के संक्रमण पाए गए।
उन्होंने कहा कि सभी जवानों को अब एम्स में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
अधिकारी के अनुसार, ये सभी जवान एक बीएसएफ कंपनी का हिस्सा थे, जिसे आंतरिक सुरक्षा के उद्देश्य से जयपुर से दिल्ली भेजा गया था और जामा मस्जिद में तैनात किया गया था।
दरअसल ड्यूटी पर मौजूद कुछ जवानों को टेस्टिंग के दौरान कोरोना पॉजिटिव पाया गया था, जिसके बाद पूरी कंपनी को जोधपुर के लिए रवाना कर दिया गया था और एसटीसी में उन्हें क्वारंटीन सेंटर में रखा गया।
अधिकारी ने कहा कि यहां एसटीसी में क्वारंटीन सेंटर अच्छी तरह से तैयार है और यहां प्रशासन सभी जवानों की उचित देखभाल कर रहा है।