राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने सरकारी मेडिकल कॉलेजों में आने वाले आउटडोर मरीजों की सरकारी डॉक्टर द्वारा लिखने पर स्वाइन फ्लू की जांच नि:शुल्क करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा अपनी मर्जी से जांच कराने वाले आउटडोर मरीजों को भी जांच की निर्धारित राशि में ५० प्रतिशत की छूट दी जाए। इसी जनवरी में ही स्वाइन फ्लू से २८ मरीजों की मौत हो चुकी है और २१ जिले इस फ्लू से प्रभावित हैं।
राजे ने बुधवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में स्वाइन फ्लू की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक ली। जानकारी के अनुसार पिछले २८ दिनों में स्वाइन फ्लू से १६ मरीजों की सरकारी हॉस्पीटल में, जबकि १२ की मौत निजी अस्पतालों में हुई हैं। स्वाइन फ्लू से ११ जिलों में मरीजों की मौते हुई हैं।
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्वाइन फ्लू पर प्रभावी रोकथाम के लिए लोगों को जागरूक किया जाए कि बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर वे तुरंत अस्पताल जाएं। उन्होंने आईसोलेशन यूनिट एवं स्वाइन फ्लू जांच केन्द्रों की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ निजी अस्पतालों में जांच केन्द्र खोले जाने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए। उन्होंने केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रलय को पत्र लिखकर इसका एक जांच केन्द्र राजस्थान में भी खोलने का आग्रह करने को कहा।