राजस्थान में शुक्रवार को कोरोनाके 208 मामले सामने आए। इस दौरान एक व्यक्ति की मौत भी हुई। इसके साथ ही राज्य में अब तक संक्रमित लोगों की संख्या बढकर 9,56,227 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को उदयपुर में एक व्यक्ति की मौत हुई, जिससे राज्य में इस घातक संक्रमण से मरने वालों की संख्या बढकर 8964 हो गई है।
अधिकारी ने बताया कि उदयपुर जिले में 73 वर्षीय एक व्यक्ति की ओमिक्रॉन संक्रमण से ठीक होने के बाद शुक्रवार को निमोनिया और मधुमेह, उच्चरक्तचाप सहित अन्य बीमारियों के कारण एक अस्पताल में मौत हो गई। विभाग के आंकडो के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 17 व्यक्ति कोरोना से ठीक हुए हैं।
राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण के मिले 208 नए मामलों में जयपुर में 98, जोधपुर में 50, कोटा में 16, अलवर में 11, अलवर-गंगानगर में 6-6 मामले शामिल है, वहीं राज्य में वर्तमान में 963 मरीजों का इलाज चल रहा है। विभाग के अनुसार राज्य में अब तक कुल 9,56,227 संक्रमित मरीजों में से 9,46,300 मरीज संक्रमण मुक्त हो चुके है और वहीं इस घातक संक्रमण से राज्य में अब तक 8964 लोगो की मौत हो चुकी है।
तीन जनवरी से और पांबदिया लगाएंगे: गहलोत
इस बीच मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार राजधानी जयपुर में कोरोना वायरस संक्रमण को फैलने से रोकने के लिये तीन जनवरी से और पाबंदिया लगाएगी क्योंकि स्थिति विस्फोटक हो सकती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर कोविड के उचित व्यवहार का पालन नहीं किया गया तो सरकार तीन जनवरी से एहतियात के तौर पर सख्त कदम उठाने को मजबूर होगी।