राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले की जेल में एक कैदी ने बुधवार को कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हनुमानगढ़ के जेल अधीक्षक सुरेश कुमार मीणा ने बताया कि नोहर से स्थानांतरित किये गये विचाराधीन कैदी अय्यूब उर्फ आकू (19) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
उन्होंने बताया कि आर्म्स एक्ट में गिरफ्तार किए गए कैदी को 19 अगस्त को नोहर से हनुमानगढ़ जेल में लाया गया था। उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण 24 अगस्त को हनुमानगढ़ के चिकित्सकों ने उसे बीकानेर रेफर कर दिया था।
उन्होंने बताया कि आकू को गत सोमवार को बीकानेर से हनुमानगढ़ जेल लाया गया था। बुधवार की सुबह जेल प्रहरी ने उसका शव जेल में लटकता पाया। उन्होंने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिये हनुमानगढ़ के राजकीय चिकित्सालय के मुर्दाघर में रखवाया गया है। इस मामले की जांच न्यायिक मजिस्ट्रेट कर रहे हैं।