जयपुर में पोकर गेम पर जुआ खेलते हुए पुलिस ने 14 लोगों को गिरफ्तार किया है। जुआरियों के कब्जे से छह लग्जरी कार, एक स्कूटी और जुआ का सामान बरामद किया गया है। वहीं पुलिस ने एक कार से 1 लाख 25 हजार रुपये बरामद किए हैं।
एसीपी मृदुल कच्छावा ने बताया कि श्याम नगर थाना पुलिस और डीएसटी साउथ टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। एसीपी भोपाल सिंह भाटी के निर्देशन में शुक्रवार की देर रात मुखबिर की सूचना पर श्याम नगर के निर्माण नगर स्थित एक मकान में छापा मारा गया। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो मकान में पोकर गेम के जरिए जुआ खेला जा रहा था। जुआ खेलते 14 लोगों को मौके से पकड़ा गया। मकान के बाहर खड़ी आरोपियों की छह लग्जरी कार और एक स्कूटी को जब्त किया गया। जुआघर चलाने वाले अभिनव शर्मा की कार से 1 लाख 25 हजार रुपए मिले हैं।
पुलिस का कहना है कि पिछले पांच महीने से यहां जुआ खेला जा रहा था। मकान के अंदर सौ, दौ सौ, तीन सौ, पांच सौ और पांच हजार रुपए के सिक्के लेकर जुआ खेला जाता था।