भरतपुर के जुरहरा थाना इलाके में एक दस साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पड़ोस में रहने वाले दो नाबालिग लड़के बच्ची को उसके घर के बाहर से उठाकर ले गए। आरोपियों ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। घटना का पता लगा तो बच्ची के परिजन उसे लेकर जुरहरा अस्पताल पहुंचे। बच्ची को भरतपुर के जनाना अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। फिलहाल बच्ची का मेडिकल करवाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार बच्ची आसपास के बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रही थी। तभी पास के रहने वाले दो नाबालिग लड़के आए और उसमें से एक युवक बच्ची को अपने घर में ले गया। युवक ने बच्ची से दुष्कर्म किया और दूसरा युवक निगरानी रख रहा था। इस दौरान शोर सुनकर बच्ची के परिजन और आसपास के लोग युवक के घर में पहुंचे गए।
हंगामा देख दोनों नाबालिग युवक वहां से भाग गए। बच्ची ने अपने परिजनों को घटना के बारे में बताया। बच्ची के परिजनों ने जुरहरा थाने में दोनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। लड़की के परिजन उसे लेकर जुरहरा अस्पताल पहुंचे, जहां से लड़की को भरतपुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल बच्ची को जनाना अस्पताल में भर्ती किया गया है। बच्ची का मेडिकल करवाया जा रहा है। पुलिस दोनों नाबालिग युवकों को पकड़ने के लिए जगह-जगह दबिश दे रही है।