राजस्थान में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए पीएम ई-बस सेवा योजना का विस्तार किया जा रहा है। राज्य को कुल 1,150 इलेक्ट्रिक बसें मिलनी हैं, जिनमें 229 बसें पहुंच चुकी हैं। आठ जिलों में 65 चार्जिंग स्टेशन तैयार हैं। जयपुर को 450, जबकि जोधपुर और बीकानेर को 125-125 ई-बसें मिलेंगी।
राजस्थान के शहरों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए केंद्र सरकार की पीएम ई-बस सेवा योजना का विस्तार हो रहा है। राज्य को दो चरणों में कुल 1,150 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराई जानी हैं, जिनमें से 229 बसें राज्य को मिल चुकी हैं। साथ ही, बसों के सुचारू संचालन के लिए आठ जिलों में 65 चार्जिंग स्टेशन तैयार किए जा चुके हैं। राज्य सरकार अब शेष चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और आवश्यक बुनियादी सुविधाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है, ताकि नई बसों का संचालन बिना किसी बाधा के शुरू किया जा सके।
विज्ञापन
चार्जिंग स्टेशन तय समय में बनाएं
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में स्वायत्त शासन विभाग के सचिव रवि जैन ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के जरिये योजना की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जयपुर, बीकानेर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर, भीलवाड़ा और अलवर जिलों के वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक से जुड़े। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे चार्जिंग स्टेशनों के निर्माण को प्राथमिकता के आधार पर तय समय में पूरा करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि बसों के सड़कों पर उतरने से पहले सभी तकनीकी और प्रशासनिक तैयारियां पूरी होनी चाहिए, जिससे जनता को नियमित तथा निर्बाध परिवहन सेवा मिल सके।
नई ई-बसों में उपलब्ध सुविधाएं
पीएम ई-बस सेवा के अंतर्गत चलने वाली ये सभी गाड़ियां पूरी तरह सेवातानुकूलित इलेक्ट्रिक सिटी बसें हैं। पारंपरिक ईंधन से चलने वाली सामान्य बसों की तुलना में ये बसें प्रदूषण मुक्त और पर्यावरण के अनुकूल हैं। यात्रा को अधिक सुलभ और सुरक्षित बनाने के लिए इन बसों में आधुनिक डिजिटल टिकटिंग प्रणाली और इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट सिस्टम जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं दी गई हैं। राज्य में 1,150 ई-बसों का पूरा बेड़ा तैयार हो जाने के बाद प्रमुख शहरों की परिवहन व्यवस्था में व्यापक सुधार आएगा और आम नागरिकों को बेहतर यात्रा अनुभव प्राप्त होगा।
धपुर और बीकानेर को मिलेंगी 125-125 बसें
योजना के अंतर्गत राज्य के विभिन्न शहरों के लिए बसों का आवंटन किया गया है। राजधानी जयपुर को सबसे अधिक 450 इलेक्ट्रिक बसें आवंटित की गई हैं। जोधपुर और बीकानेर शहरों को 125-125 बसें प्रदान की जाएंगी। अजमेर, अलवर तथा कोटा शहरों में 100-100 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा। वहीं उदयपुर, सीकर और भीलवाड़ा जिलों को 50-50 ई-बसें दी गई हैं। इन सभी शहरों में चार्जिंग स्टेशन और डिपो नेटवर्क तैयार करने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है।