ट्रैफिक गार्डन में रखे शराब के गिलास
- फोटो : amar ujala
कोटा नगर निगम में कार्यरत अभियंता का प्रमोशन क्या हुआ, साहब ने सार्वजनिक पार्क में ही पार्टी कर दी। मामला ट्रैफिक गार्डन में हुई पार्टी से जुड़ा है जहां पार्टी के बाद फैली गंदगी को तक को अफसरों ने साफ नहीं कराया।
दरअसल, निगम के अधीक्षण अभियंता भूपेन्द्र माथुर के मुख्य अभियंता के पद पर प्रमोशन होने और उपायुक्त अशोक त्यागी की विदाई पार्टी ट्रैफिक गार्डन में आयोजित की गई। रात को अफसरों से लेकर जनता के सेवकों तक ने जमकर खाना—पीना किया। इन सबके बावजूद भी अधिकारियों को यह ध्यान नहीं रहा कि गार्डन में फैली गंदगी तक को साफ कराना है। सुबह जब क्षेत्र के लोग गार्डन में मॉर्निंग वॉक करने आए तो उनकी आंखें खुली रह गई। गार्डन में शराब की बोतलों के डिब्बे, गिलास और यहां तक कि कई गिलासों में शराब तक मिली।
इसके बाद जैसे ही मामला गर्माया निगम अधिकारियों ने यहां साफ—सफाई कराई। गौरतलब है कि निगम के नियमों के अनुसार सार्वजनिक पार्कों में किसी भी तरह की पार्टी या आयोजन नहीं किया जा सकता। उद्यान समिति के अध्यक्ष विनोद नायक ने भी यह कहते हुए पल्ला झाड़ लिया कि आगे से इस तरह के आयोजन गार्डन में नहीं होंगे।