शहर के अनंतपुरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात आपसी कहासुनी के बाद एक युवक पर उसके दोस्त और दोस्त के परिजनों ने तलवार और लाठियों से पीट पीटकर उसे अधमरा छोड़ गए। गंभीर रूप से घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसने शनिवार को दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार 22 वर्षीय मृतक मुरारी वाल्मीकि अपने दोस्तों जीतू और अमृत के साथ शुक्रवार रात शराब पी रहा था जिसके बाद जीतू कहीं चला गया और उसके जाने के बाद मुरारी और अमृत में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया और दोनों झगड़ते हुए अमृत के घर पहुंच गए।
दोनों में झगड़ा होते देख अमृत के परिजन लाठी और तलवार लेकर निकले और मुरारी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए इतनी ही देर में जीतू भी मौके पर पहुंचा और अमृत के परिजनों ने उसके सिर पर भी वार किए। दोनों घायलों को पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया वहीं अमृत और उसके परिजन मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मुरारी की शनिवार को मौत हो जाने के बाद अमृत के परिजनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।