18वां राष्ट्रीय यूथ फेस्टिवल 12 से 16 जनवरी तक लुधियाना मेें आयोजित किया जा रहा है। यूथ फेस्टिवल का थीम नशा मुक्त विश्व में युवा है।
इसका आयोजन केंद्रीय युवा मामलों एवं खेल मंत्रालय द्वारा पंजाब सरकार के सहयोग से पंजाब कृषि विश्वविद्यालय में किया जा रहा है। इसका उद्घाटन केंद्रीय युवा एवं खेल मंत्रालय के मंत्री जतिंदर सिंह करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री मनीष तिवारी भी खास तौर पर उपस्थित रहेंगे।
उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल उद्घाटन समागम की अध्यक्षता करेंगे। इस मेले में देश के 35 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से करीब पांच हजार कलाकार शामिल होंगे। मेले के दौरान राष्ट्रीय युवक पुरस्कार वितरित किए जाएंगे और बेहतर काम करने वाले युवा क्लबों को भी सम्मानित किया जाएगा।
मेले में विभिन्न मुकाबलों के अलावा शास्त्रीय संगीत, नाच, लोक नाच, नाटक और अन्य गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इस दौरान युवा कृति के तहत युवक बुनकर, हस्त शिल्प अपनी कला का भी प्रदर्शन करेंगे। हाल ही के सालों में देश में युवाओं के बीच नशे का रूझान चिंताजनक तरीके से बढ़ा है।
कई युवा एवं उनके परिवार नशों के चलते बुरी तरह प्रभावित हैं। यूथ फेस्टिवल के मंच को नशों के खिलाफ समाज में जागरूकता पैदा करने के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। दूसरे नशों के प्रति गलत भ्रमों को भी दूर करने का यत्न किया जाएगा। नशों का सामाजिक एवं आर्थिक ढांचे पर बुरा प्रभाव पड़ता है। युवा मामलों का मंत्रालय नशों के खिलाफ लड़ाई लड़ने के लिए वचनबद्ध है।