पंजाब में लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल गई है। लुधियाना में गुरुवार देर रात चली तेज आंधी के बाद प्री-मानसून की पहली बारिश से सड़कें जलमग्न हो गईं। गुरुवार देर रात शुरू हुई बारिश शुक्रवार भी चलती रही, इससे सड़कों पर जहां दो से तीन फुट तक पानी भर गया। वहीं आंधी की वजह से सड़क किनारे लगे पेड़ बिजली की तारों पर गिर गए। इससे शहर नौ घंटे से अधिक समय अंधेरे में डूबा रहा।
शहर के दुगरी, आत्मनगर, गिल रोड, जनता नगर, दशमेश नगर, ढंढारी, संत इशर नगर, शिमलापुरी, मिल्लरगंज, गुरु ज्ञान विहार, प्रकाश नगर, करनैल सिंह नगर, फुंलावाल, मोती नगर, सराभा नगर, माडल टाउन, माडल हाउस, पक्खोवाल रोड, पंजाब माता नगर, घुमार मंडी, सलेम टाबरी, नूरवाला रोड, हेबोवाल, सुंदर नगर, बस्ती जोधेवाल, टिब्बा रोड, अशोक नगर, फील्डगंज, किदवई नगर, जनकपुरी, भारत नगर चौक समेत आसपास बिजली गुल रही। जस्सियां रोड के आसपास मोहल्लों में 12 घंटे तक बिजली गुल रही। इससे सुबह कई घरों में पानी नहीं आया।
जस्सियां रोड निवासी राजेश शर्मा ने बताया कि बिजली देर रात गुल हो गई, सुबह आठ बजे आई। बिजली कार्यालय में फोन किया, मगर बिजली ठीक नहीं हुई। इसके अलावा बारिश से उक्त कई मोहल्लों में पानी भर गया। इससे सीवरेज ओवरफ्लो हो गया तो गंदा पानी सड़कों पर आ गया। लोगों को आने जाने में परेशानी हुई। सड़कों पर पानी रहने से सड़कों पर जाम लग गया।
भारत नगर चौक, समराला रोड, ताजपुर रोड शेरपुर रोड, चंडीगढ़ रोड पर पानी जमा रहने से ट्रैफिक का लंबा जाम लग गया। पुलिस को ट्रैफिक संभालने में काफी समय लगा। बारिश के पानी की वजह से मेयर बलकार संधू के वार्ड और पंचपीर रोड पर भी पानी जमा हो गया। मॉडल टाउन निवासी हरभजन सिंह ने बताया कि चंडीगढ़ रोड फोकल प्वाइंट जाना था। कई जगह सड़कों पर पानी भरने की वजह से ट्रैफिक जाम हो गया। प्रशासन को ऐसी समस्या से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम करने चाहिए। दूसरी ओर नगर निगम के डी व सी जोन में पानी भर गया वहीं जिला प्रशासन के कार्यालय में पानी जमा हो गया। बस स्टैंड पर बारिश के कारण पानी भराव हो गया, इससे साफ है कि निगम ने नालों की सफाई नहीं की। बारिश में ऐसी स्थिति से निपटने के लिए पुख्ता प्रबंध नहीं किए गए।