पठानकोट के चक्की दरिया में रविवार को दो युवकों के शव मिले हैं। मृतक दोनों युवक पठानकोट के रहने वाले थे। दोनों युवक दो दिन से लापता थे। परिवार उनको ढूंढ रहा था।
पठानकोट और हिमाचल को जोड़ने वाले चक्की खड्ड पुल के नीचे पानी में तैरते दो युवकों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने दोनों शव बरामद किए है। चक्की में शव बहते लोगों ने जैसे ही देखे तो इसकी सूचना पठानकोट के थाना मामून कैंट की पुलिस को दी। इसके बाद थाना मामून कैंट की पुलिस ने मौके पर पहुंच एनडीआरएफ टीम के साथ मिल शवों को पानी से बाहर निकाला।
विज्ञापन
जांच अधिकारी एएसआई नरिंदर कुमार ने बताया कि दोनों मृतकों में एक नीरज कुमार पुत्र रवि कुमार और दूसरा रिंकू उर्फ पट्टू पुत्र यशपाल निवासी विश्नू नगर लमिनी पठानकोट के रहने वाले हैं। दोनों शटरिंग का काम करते थे।
परिवार सदस्यों ने पुलिस को बताया है कि दोनों दो दिन पहले घर से सुबह 9 बजे काम पर निकले और दोपहर बाद उनके साथ कोई संपर्क नहीं हो पाया। दो दिनों तक जब घर नहीं लौटे तो उन्होंने अपने स्तर पर भी तलाश की। रविवार दोनों के शव चक्की दरिया से बरामद हुए है। यह भी तब पता चला है जब चक्की दरिया में पानी का लेवल कम हुआ। पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिए हैं और रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि दोनों की मौत कैसे हुई है।