पानी आने की पूर्व सूचना प्रशासन की ओर से जारी कर दी गई थी। जिसके चलते स्थानीय पुलिस प्रशासन की ओर से दरिया किनारे रहते लोगों को सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचा दिया। दरिया का जलस्तर सुबह आठ बजे बढ़ना शुरू हुआ। बमियाल के नजदीकी गांव समराला में गुज्जर समुदाय के दो व्यक्ति भी पानी में फंस गए, उक्त दोनों लोग एक ऊंचाई वाली जगह पर सुरक्षित पहुंच गए। दोपहर करीब एक बजे पानी का बहाव कम होने पर दोनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जिलाधिकारियों ने लिया स्थिति का जायजा
रविवार को दरिया में उफान की सूचना पर तहसीलदार लक्ष्मण सिंह, ड्रेनेज विभाग और पुलिस अधिकारियों ने बमियाल पहुंच स्थिति का जायजा लिया। तहसीलदार लक्ष्मण सिंह ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और पानी का बहाव कम हो चुका है। फिलहाल यह कह पाना कठिन है कि दरिया के बहाव के कारण कितनी फसल को नुकसान पहुंचा है। सरकार के निर्देशों के तहत ही विशेष गिरदावरी करवाई जाएगी।
गुरदासपुर: गांवों के लोगों को सुरक्षित जगह जाने की अपील
उज्ज दरिया से उफान के बाद गुरदासपुर में रावी नदी में दो घंटे में पानी का स्तर बहुत ज्यादा बढ़ जाएगा। रावी नदी के पास डेरों व गांवों के लोग तुरंत सुरक्षित स्थलों पर चले जाएं। डीसी मोहम्मद इशफाक ने बताया कि माधोपुर हैड द्वारा दी सूचना के तहत रावी नदी में (वाइस सिंग्नल अलर्ट) एक लाख से 1.5 लाख क्यूसिक तक पानी का स्तर बढ़ने से गांव ठाकुरपुर, मियाणी, चौंतरा, चक्करी, शमशेरपुर, इस्लामपुर, नडाला, टुंडी, कमालपुर जट्टां, वजीदपुर तारपुर, चक्क राम सहाए और मकौड़ा गांव प्रभावित हो सकते हैं।
रावी दरिया में 1.5 लाख से 2 लाख क्यूसिक पानी का स्तर बढ़ने से बाढ़ प्रभावित होने वाले गांव उगरा, टांडा, झबकरा, झंडेचक्क, फरीदपुर, मिर्जापुर, कबीरपुर, अलीनंगल, लोलोनंगल, हरदोछन्नी, चौड़ा, अलूणा, सोहन, अगवान, चंदू वडाला, कोटली दिया राम, पक्खोके, जसवा, चंडीगढ़, कथलौर, बरियाल, गोयल, दतियाल, गज्जू गजीर, मकारा खाना, सैंडलपुर, शाहपुर, दोरांगला, थम्मण, नंगल, ढाले, डुगगी, आदियां, बाऊपुर, कालूपुर, मालमूआ, गोला ढोला, ठेठरके, घणीए के बेट, गुणियां, गुरु चक्क, धर्मकोट, सिंघपुरा, रोड़ावाली, बल्ल, जोडिय़ा कलां व मोहन गांव बढ़ से प्रभावित हो सकते हैं।