उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल बंगलूरू और मुंबई के उद्योगपतियों के बाद अब अपने दो दिवसीय दिल्ली दौरे के दौरान वहां के प्रमुख उद्योगों के चेयरमैनों सहित उनके बिजनेस प्रमुखों से मुलाकात कर उन्हें पंजाब में निवेश के अवसरों के बारे में बताएंगे।
इससे पहले वे बंगलूरू और मुंबई में अनेक कंपनियों जिनमें इन्फोसिस, बाईकॉन, टाटा, रिलायंस और महिंद्रा एंड महिंद्रा सहित अन्य कई कंपनियों के अधिकारियों से विस्तृत विचार विमर्श कर उनको पंजाब में निवेश करने के लिए निमंत्रण दे चुके हैं।
अपने दो दिवसीय दिल्ली दौरे के दौरान सुखबीर आईटीसी ग्रुप के बिजनेस प्रमुख, रैनबैक्सी के चेयरमैन, डॉ. तसुटोमू उनो और कारगिल इंडिया के चेयरमैन सिराज चौधरी सहित अन्य कंपनियों के प्रमुखों से मुलाकात करेंगे।
इस दौरान वे पंजाब इनवेस्टमेंट एडवाइजरी काउंसिल के सदस्यों और औद्योगिक घरानों के मुखियों से विशेष बैठक भी करेंगे।
इसमें हीलियन वेंचर, सीके बिड़ला ग्रुप, जुबलियंट भाटिया ग्रुप, डाबर इंडिया लि., भारतीय एयरटेल लि. और भारतीय एंटरप्राइजेज के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि विकास के लिए बिजली जरूरी है। अगले महीने पंजाब अतिरिक्त बिजली उत्पादन करने वाला राज्य बन जाएगा।
इसके साथ ही राज्य द्वारा उद्योग पक्षीय औद्योगिक नीति की घोषणा की जा चुकी है।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि कुछ महीनों के दौरान ही पंजाब में सिंगल विंडो सिस्टम द्वारा सभी उद्योगों के लिए एनओसी और स्वीकृतियां दी जाएंगी।