अमृतसर के सांसद नवजोत सिंह सिद्धू द्वारा विकास प्रोजेक्टों के लिए आवंटित धन को डायवर्ट किए जाने के आरोपों पर उप मुख्यमंत्री सुखबीर बादल ने पलटवार करते हुए सरकार का बचाव करते हुए कहा कि यह आरोप बेबुनियाद हैं।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए सुखबीर बादल ने कहा कि वह व्यक्तिगत तौर पर सिद्धू से जुड़े हैं और हमारे बीच किसी तरह का मतभेद नहीं है।
उप मुख्य्मंत्री ने कहा कि उन्हें नहीं पता सिद्धू इस तरह के आरोप क्यों लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में उनके साथ क्या हो रहा है यह पार्टी का आंतरिक मामला है।
सुखबीर ने कहा कि अमृतसर की विभिन्न स्कीमों और विकास प्रोजेक्टों से जु़ड़ी बैठकों में सिद्धू की पत्नी एवं सीपीएस डा. नवजोत कौर सिद्धू खुद मौजूद रहती रही हैं।
सुखबीर ने कहा कि अमृतसर के विकास के लिए 1400 करोड़ का मास्टर प्लान मंजूर किया गया है।
मालूम हो कि सांसद सिद्धू ने वीरवार को आरोप लगाया था कि गठबंधन सरकार और मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल उनके विकास प्रोजेक्टों के लिए फंड नहीं दे रहे हैं।
उन्होंने कहा था कि उनके कई ड्रीम प्रोजेक्ट रुके पड़े हैं लेकिन राज्य सरकार उनके साथ ऐसा व्यवहार कर रही है जैसे वह विपक्ष के सांसद हैं।