बठिंडा से संबंधित एक विवादित आप विधायक से उसके पुलिस सुरक्षाकर्मी इस कदर दुखी हुए कि वे अपने बड़े पुलिस अधिकारी के पास पेश होकर खुद ही अपनी बदली करवा गए। विधायक के सुरक्षा कर्मियों ने अपने बड़े अधिकारियों को बताया था कि विधायक उन्हें समय पर रोटी पानी नहीं खाने देता और लगातार 24 घंटे ड्यूटी करने के आदेश देता रहता है।
पुलिस से जुड़े सूत्रों ने बताया कि विवादित विधायक के पास सबसे पहले जो चार पुलिस सुरक्षाकर्मी थे, उनके साथ विधायक द्वारा अच्छा व्यवहार नहीं किया जा रहा था और न ही उनको समय पर ड्यूटी से वापस जाने दिया था, बल्कि पुलिस सुरक्षाकर्मियों को विधायक लगातार 24 घंटे ड्यूटी पर हाजिर होने का आदेश देता रहता था।
इसके चलते पुलिस सुरक्षाकर्मी अपने परिवार के लिए भी समय नहीं निकाल पाते थे और खुद अंदर ही अंदर घुटन महसूस करते रहते थे। सूत्रों से पता चला है कि उक्त चारों पुलिस सुरक्षा कर्मी एकजुट होकर अपने बड़े पुलिस अधिकारी के पास पेश हुए और विधायक द्वारा उनके साथ किए जा रहे व्यवहार के बारे में बताया था। इतना ही पुलिस सुरक्षाकर्मियों ने अपने बड़े अधिकारी को जहां तक बताया था कि विधायक उन्हें समय पर रोटी भी नहीं खाने देता था।
पुलिस सुरक्षा कर्मियों की समस्या सुनने के बाद उनके कहने पर ही पुलिस के बड़े अधिकारी ने उनको विधायक की सुरक्षा से हटा लिया था। इसके बाद नए सुरक्षा कर्मी विधायक के साथ तैनात कर दिए गए थे। सूत्रों ने बताया कि जब नए पुलिस सुरक्षा कर्मी विधायक के साथ तैनात हुए तो उनके साथ भी पहले वाले सुरक्षाकर्मियों की तरह विधायक द्वारा व्यवहार किया जाने लगा। इसके बाद दूसरी बार तैनात हुए सुरक्षाकर्मी भी अपनी बदली करवा गए।
सूत्रों ने बताया कि हाल ही रोहतक के ढाबे पर विवादित आप विधायक के सरकारी ड्राइवर ने ही उससे मारपीट की थी। इसका मुख्य कारण विधायक द्वारा अपने सरकारी ड्राइवर को समय पर रोटी खाने नहीं देना था। इस घटना के बाद विधायक की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी भी विधायक के साथ खड़े नजर नहीं आए बल्कि वे भी ड्राइवर के हक में रहे।
सूत्रों से पता चला है कि रोहतक में आप विधायक के साथ हुई घटना के बाद आप विधायक ने पुलिस सुरक्षाकर्मियों और सरकारी ड्राइवर के प्रति अपना व्यवहार बदल लिया है। वहीं, इस घटना के बाद आप विधायक अपने हलके के लोगों से बहुत कम मिलने जा रहा, जिसका मुख्य कारण लोगों द्वारा रोहतक घटना को लेकर पूछे जाने वाले सवालों से बचना बताया जा रहा है।