ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में युवक से बदतमीजी करनी पीसीआर वैन के ड्राइवर को महंगी पड़ी। युवक ने पुलिस कंट्रोल रूम में कांस्टेबल के खिलाफ शिकायत कर दी। इसके बाद मनीमाजरा थाना पुलिस ने पीसीआर ड्राइवर कांस्टेबल अमरजीत सिंह का मनीमाजरा सिविल अस्पताल में मेडिकल करवाया, जहां उसके शराब पीने की पुष्टि हुई। मनीमाजरा थाना प्रभारी ने इस मामले की स्पेशल रिपोर्ट बनाकर आला अफसरों को भेज दी है।
किशनगढ़ निवासी अरुण कुमार ने बताया कि वह शनिवार रात किशनगढ़ अपने दोस्त से मिलने गया था। इस दौरान किशनगढ़ चौक पर खड़ी पीसीआर वैन का ड्राइवर उससे बदतमीजी करने लगा। उसने शराब पी रखी थी। इसके बाद उसने शराब के नशे में कांस्टेबल द्वारा बदतमीजी करने की पुलिस को शिकायत दी।
मनीमाजरा थाने के एसआई धर्मपाल मौके पर पहुंचे और कांस्टेबल अमरजीत को मेडिकल कराने मनीमाजरा अस्पताल ले गए। वहां शराब पीने की पुष्टि होने पर मनीमाजरा थाना प्रभारी द्वारा आला अफसरों को मामले की जानकारी दे दी गई। उधर, मनीमाजरा थाना प्रभारी ने भी इस मामले की स्पेशल रिपोर्ट बनाकर आला अफसरों को भेज दी है।