तरनतारन में स्कूल बस और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसा अलसुबह धुंध की वजह से हुआ। टक्कर इतनी भयानक थी कि स्कूल बस ही पलट गई। हादसे में एक आठ साल की लड़की और बस ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में 12 बच्चे घायल हैं। शोर-शराबा सुन इकट्ठे हुए लोगों ने घायल बच्चों को बस से निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
गांव उसमा सथित माई भागो इंटरनेशनल स्कूल की वैन रोज की तरह गांव कंग, मुगलानी, संघर, कोट से छात्रों को लेकर जा रही थी कि गांव रेशियाना के पास तरनतारन की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने वैन को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही स्कूल वैन और ट्रक सड़क पर पलट गए। घटना के बाद बच्चों की चीख पुकार शुरू हो गई। आवाज सुनकर लोग घटनास्थल की तरफ भागे। बच्चे जोर-जोर से रो रहे थे। बस के आसपास खून बिखरा हुआ था। बच्चों को पलट चुकी बस से निकाला गया। तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को फोन किया गया।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया। स्कूल वैन चालक रणधीर सिंह 56 निवासी गांव रेशियाना और आठ साल की छात्रा सीरतपाल कौर निवासी गांव मुग्लानी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 छात्र घायल हो गए। सभी घायलों को फतेहाबाद के निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। बता दें कि हादसे के दो घंटे बाद स्कूल प्रबंधक मौके पर पहुंचे, जिनका लोगों ने विरोध किया। सिविल अस्पताल के एसएमओ डॉ. स्वर्णजीत धवन ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम करने की करवाई शुरू कर दी है।