ड्रग रैकेट में गिरफ्तार पूर्व डीएसपी जगदीश सिंह भोला की ओर से एनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ईडी) की पूछताछ में प्रदेश के जेल मंत्री सरवण सिंह फिल्लौर के बेटे दमनजीत सिंह तथा राजस्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया का नाम लिए जाने से पंजाब सरकार की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
भोला ने इन दोनों की इस तस्करी कांड में शामिल होने की बात कही है। ईडी ने दमनजीत सिंह को पूछताछ के लिए समन भी जारी कर दिए हैं।
हालांकि, मजीठिया और फिल्लौर ने भोला के इस बयान को गलत तथा झूठा बताया है, फिर भी इससे प्रदेश सरकार के लिए जवाब देना मुश्किल हो गया है। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रताप सिंह बाजवा ईडी के सामने दिए गए भोला के इस नए बयान को राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं।
उन्होंने मजीठिया की गिरफ्तारी की मांग की है। इससे पहले भी भोला ने मीडिया के समक्ष मजीठिया के ड्रग तस्करी के इस रैकेट से संबंध होने की बात कही थी, लेकिन सरकार तथा पुलिस ने मजीठिया को क्लीन चिट दे दी।
अब ईडी के समक्ष भोला के ताजा बयान से उनकी मुश्किल बढ़ गई हैं। अगर ईडी दमनजीत की तरह ही उन्हें भी सम्मन करता है तो एक नई जांच की शुरुआत इस मामले में हो जाएगी।
इस बारे में बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि अगर इस रैकेट में उनकी शमूलियत होती तो आरोपियों को गिरफ्तार ही क्यों किया जाता? यह सब कांग्रेस के इशारे पर हो रहा है तथा उन्हें व गठबंधन सरकार को बदनाम करने की साजिश है।