पंजाब के रोपड़ जिले के गांव अहमदपुर के पास सोमवार सुबह बस की टक्कर लगने से एक क्रेटा कार रेलिंग तोड़ते हुए भाखड़ा नहर में जा गिरी। कार से एक बच्चे समेत पांच शव मिले, जबकि दो बच्चे लापता हैं। ये शव राजस्थान के सीकर निवासी हड्डी विशेषज्ञ डॉ. सतीश पुनिया और जयपुर निवासी उनके साले राजेश कुमार के परिवार के थे।
दोनों परिवार एक साथ मनाली घूमने गए। सोमवार को वे राजस्थान लौट रहे थे। डीएसपी रविंदरपाल के मुताबिक सोमवार सुबह कीरतपुर साहिब-रोपड़ रोड पर एक निजी बस ने क्रेटा कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार भाखड़ा नहर में जा गिरी। सूचना मिलते ही गोताखोरों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया।
करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद हाइड्रा मशीन से कार को निकाला गया। कार के अंदर डॉ. सतीश पुनिया, उनकी पत्नी सरिता पुनिया, बेटा दक्ष पुनिया, डॉ. पुनिया के साले राजेश कुमार दिवांदा और उनकी पत्नी रीना दीवांदा के शव मिले जबकि सतीश पुनिया की बेटी रागिनी और राजेश की भतीजी राजश्री लापता हैं। हादसे के बाद बस चालक फरार हो गया। नहर में डूबे बच्चों की तलाश देर शाम तक जारी रही। डीएसपी के मुताबिक सतीश पुनिया राजस्थान के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हड्डी विशेषज्ञ थे।
महिला के पर्स से हुई पहचान
कार के गिरने के कुछ देर बाद एक पर्स पानी पर तैरता दिखा। पर्स को खोलने से एक पहचान पत्र मिला, जो डॉ. सतीश पुनिया की पत्नी सरिता पुनिया का था। इससे नहर में डूबने वाले परिवार का पता चला और उनके परिजनों से संपर्क किया गया।
बचाव के लिए शोर मचाया लेकिन कोई मदद नहीं कर सका
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार के नहर में गिरते ही अंदर बैठे लोग बचाव-बचाव चिल्लाने लगे। लोग कुछ मदद कर पाते, उससे पहले ही कार नहर में डूब गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और बचाव अभियान शुरू किया गया।