नेशनल हाईवे-21 स्थित दोआबा ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के सामने मंगलवार सुबह पंजाब रोडवेज की बस और बजरी से लदे ट्रक में हुई भीषण भिडंत में महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई और बस में सवार 36 अन्य लोग घायल हो गए।
घायलों में दस की हालत गंभीर बताई जाती है। उन्हें इलाज के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मृतकों में महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
घायलों में दोनों वाहनों के चालकों की हालत बेहद चिंताजनक बताई जाती है। बस चंडीगढ़ से अमृतसर जा रही थी, जबकि ट्रक कुराली की तरफ से आ रहा था। हादसे में दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से घायलों को बस से निकाल कर अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना के कारण यातायात करीब डेढ़ घंटा बाधित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को मौके हटवा कर आवागमन सुचारू किया। बस में अधिकतर नौकरीपेशा लोग सवार थे, जो ड्यूटी पर जा रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चंडीगढ़ से अमृतसर जा रही सवारियों से भरी पंजाब रोडवेज की बस जब सुबह करीब 9.30 दोआबा कालेज के पास पहुंची, तो एक तेज रफ्तार कार चालक ने बस को ओवरटेक किया।
इस दौरान सामने कुराली से आ रहा ट्रक कार को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित हो गया। कार तो बचकर निकल गई, लेकिन ट्रक एवं बस में आमने-सामने की जबरदस्त टक्कर हो गई।
जोरदार धमाके की गूंज दूर-दूर तक सुनाई दी। इसके साथ ही बस और ट्रक के परखच्चे उड़ गए।
घायल यात्री बस में बुरी तरह से फंसे हुए थे। यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर सबसे पहले स्थानीय लोग एवं राहगीरों ने बचाव और राहत कार्य शुरूकिया। जब घायलों को बस से निकाला जा रहा था, तभी सूचना मिलने पर पुलिस, हाईवे पैट्रोलिंग, पीसीआर एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंच गईं।
घायलों को निकाल कर तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। इस कार्य में लगभग पौने घंटा लगा।
पुलिस ने बताया कि हादसे में कुल 39 घायलों को सिविल अस्पताल खरड़ ले जाया गया। जहां से डॉक्टरों ने इनमें से दस को पीजीआई रेफर कर दिया और तीन को मृतक घोषित कर दिया।
मृतकों में आनंदपुर साहिब नगर काउंसिल के ईओ, सोढी मोहल्ला, कुराली निवासी 45 वर्षीय अनिल गुप्ता(जिंदल), जीरकपुर में शराब ठेकेदार का मैनेजर गांव रामपुर कला, छत, डेराबस्सी निवासी अमनदीप सिंह तथा 35 वर्षीय एक महिला शामिल है। मृत महिला की पहचान नहीं हो सकी है।