कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द किए जाने के विरोध में रविवार को पंजाब कांग्रेस की तरफ से सभी जिलों में सत्याग्रह रूप में केंद्र सरकार के खिलाफ धरना दिया जा रहा है। धरना सुबह दस बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। फरीदकोट में धरने पर बैठे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा पर लोकतंत्र का गला घोंटने के आरोप लगाए। वहीं लुधियाना कांग्रेस भवन में सांसद रवनीत सिंह बिट्टू और पूर्व मंत्री भारत भूषण आशू सत्याग्रह पर बैठे।
मुक्तसर में धरने पर बैठे कांग्रेसी
मुक्तसर में रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा अध्यक्ष शुभदीप सिंह बिट्टू के नेतृत्व में मुक्त-ए-मीनार पार्क में सत्याग्रह धरना दिया गया। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने लोकतंत्र की धज्जियां उड़ाते हुए राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द करवाई है, क्योंकि लोकसभा में भाजपा की मनमानी के खिलाफ हमेशा से राहुल गांधी ने जनता की आवाज बुलंद की है। अगले वर्ष 2024 में लोकसभा चुनाव होने हैं, जिसमें भाजपा को कड़ी टक्कर देने के लिए कांग्रेस पार्टी दिनों-दिन मजबूत हो रही है।
राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा की बदौलत भारत भर के लोगों के दिलों में जगह बनाई है। इसी को देखकर केंद्र सरकार बौखलाहट में हैं और कांग्रेस को दबाने की खातिर राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द करवाई गई है। भारत के लोकतंत्र की धज्जियां उड़ाई जा रही है, क्योंकि भाजपा के ही कई लोकसभा सदस्यों पर इससे भी संगीन आरोपों में केस चल रहे हैं। इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष हैप्पी गर्ग, नगर काउंसिल अध्यक्ष कृष्ण कुमार शम्मी तेरिया, शरणजीत संधू,शिव कुमार शिवा, जगतपाल सिंह, कुलवंत सिंह,राज कुमार, हंसराज व अन्य उपस्थित थे।